10 किलो अफीम सहित चार गिरफ्तार

punjabkesari.in Tuesday, Mar 26, 2019 - 11:33 AM (IST)

मोहाली(कुलदीप) : पुलिस ने चार नशा तस्करों को भारी मात्रा में अफीम सहित गिरफ्तार किया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में सतिंद्रजीत सिंह, गुरमीत सिंह, अमरिंद्र कुमार उर्फ छोटू तथा किरपाल सिंह के नाम शामिल हैं। 

पुलिस ने इन के कब्जे में से 10 किलोग्राम अफीम बरामद की है। इनके अलावा पुलिस को उस काका नाम के व्यक्ति की तलाश है जिसे यह अफीम पहुंचाई जानी थी। यह जानकारी एस.एस.पी. मोहाली हरचरन सिंह भुल्लर ने आज यहां एक प्रैस कांफ्रैंस को संबोधन करते हुए दी। 

एस.एस.पी. भुल्लर ने और जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि पुलिस स्टेशन फेज-8 मोहाली क्षेत्र में सफेद रंग की स्कॉर्पियो कार में चार व्यक्ति भारी मात्रा में नशीला पदार्थ अफीम लेकर घूम रहे हैं। डी.एस.पी. सिटी-2 रमनदीप सिंह की देखरेख में एस.एच.ओ. फेज-8 इंस्पैक्टर गब्बर सिंह द्वारा गांव लंबियां के नजदीक नाका लगाकर चैकिंग शुरू की गई थी। 

नाके दौरान सूचना के आधार पर हरियाणा नंबर सफेद रंग की स्कॉर्पियो को रोककर तलाशी ली गई तो उनके कब्जे में से अफीम बरामद हुई। भुल्लर ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों से की गई प्रारंभिक पूछताछ में उन्होंने बताया कि यह अफीम वे लखनऊ से मुजफ्फरपुर (बिहार) को जाने वाले हाईवे पर स्थित एक ढाबे से लेकर आए थे।

अफीम की डिलीवरी के मिलने थे दो लाख रुपए :
उन्होंने बताया कि पकड़े गए आरोपियों को लखनऊ से अफीम की डिलिवरी इधर लाकर देने के लिए एक किलो के बदले 20 हजार रुपए मिलने थे। मतलब कि दस किलोग्राम अफीम की डिलिवरी पहुंचाने के बदले में उन्हें दो लाख रुपए मिलने थे। इससे पहले भी वे दो चक्कर लगा चुके हैं।

गांव चनालों के व्यक्ति का लखनऊ में है ढाबा :
एस.एच.ओ. गब्बर सिंह ने बताया कि आरोपी लखनऊ स्थित जिस ढाबे से यह अफीम लेकर आए थे, वह ढाबा जिला मोहाली के शहर कुराली के गांव चनालों निवासी गुरदीप सिंह का है। वहां से लाकर यह अफीम यहां किसी काका नाम के व्यक्ति को पहुंचानी थी। पुलिस को अब उस ढाबा मालिक तथा काका नाम के व्यक्ति की तलाश है।

थाना फेज-8 में केस दर्ज, 3 दिन के पुलिस रिमांड पर भेजे :
डी.एस.पी. रमनदीप सिंह ने बताया कि पकड़े गए उक्त चारों आरोपियों सतिन्द्रजीत सिंह निवासी गांव खंट (फतेहगढ़ साहिब), गुरमीत सिंह निवासी गांव चुन्नी (फतेहगढ़ साहिब), अमरिन्द्र कुमार उर्फ छोटू निवासी गांव मोनू भंडाल जिला सीतामड़ी (बिहार) तथा किरपाल सिंह निवासी गांव मानखेड़ी (रोपड़) के खिलाफ एन.डी.पी.एस. एक्ट की धारा 18-61-85 के तहत केस दर्ज कर के उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। 

आज उन्हें अदालत में पेश किया गया जिस दौरान माननीय अदालत ने उन्हें 3 दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। अब उनको रिमांड खत्म होने के बाद 28 मार्च को फिर अदालत में पेश किया जाएगा। रिमांड के दौरान आरोपियों से और पूछताछ की जाएगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Priyanka rana

Recommended News

Related News