चंडीगढ़ निवासी एयरफोर्स कर्मचारी ने सोलन में किया हवाई फायर, गिरफ्तार

Saturday, Mar 23, 2019 - 10:40 AM (IST)

सोलन(नि.स.) : हिमाचल में घूमने गए एक एयरफोर्स कर्मचारी को एक स्थानीय युवक को डराना-धमकाना व हवा में गोली चलाना महंगा पड़ा। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने उसे नाका लगाकर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके पास से एक रिवाल्वर भी बरामद की है और घटनास्थल से गोली का खाली खोल भी बरामद कर लिया है। 

ए.एस.पी. शिव कुमार शर्मा ने घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि परमाणु निवासी रवि साहनी ने पुलिस को सूचना दी कि वह अपने साथियों के साथ परवाणु के नजदीक चक्की मोड़ पर गाड़ी में गाने लगाकर एन्जॉय कर रहा था। इसी दौरान चंडीगढ़ नंबर की गाडिय़ों में कुछ लड़के-लड़कियां आए, जिनमें से एक युवक ने उनसे म्यूजिक की आवाज कम करने को कहा। इसी बात को लेकर दोनों के बीच बहस हो गई।

अंबाला एयरफोर्स में तैनात है आरोपी युवक :
चंडीगढ़ की गाड़ी में आए युवक ने जेब से रिवाल्वर निकाल कर हवा में गोली चला दी। उसे जान से मारने की धमकी दे डाली। इस दौरान अन्य युवक-युवतियों ने गोली चलाने वाले युवक को गाड़ी में बिठाया और वहां से चले गए। घटना के तुरंत बाद रवि साहनी ने पुलिस को इस संबंध में सूचना दी। 

इसके बाद पुलिस ने नाका लगाकर आरोपी युवक तपेंद्र चौहान निवासी चंडीगढ़ को टी.टी.आर. परमाणु के नजदीक ही गिरफ्तार कर लिया। ए.एस.पी. शिव कुमार शर्मा ने बताया कि आरोपी एयरफोर्स अंबाला में कर्मचारी है और उसके पास लाइसैंस्ड पिस्टल है। उन्होंने कहा कि पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर पिस्टल को कब्जे में ले लिया है।

Priyanka rana

Advertising