NRI से ठगी, संस्कृति होम्स के मालिक समेत 3 काबू

Wednesday, Dec 12, 2018 - 09:08 AM (IST)

मोहाली(कुलदीप) : एन.आर.आई. पुलिस मोहाली ने एन.आर.आई. के साथ प्रॉपर्टी फ्रॉड करने संबंधी तीन विभिन्न केसों में तीन आरोपियों को काबू किया है। आरोपियों में रवि गर्ग निवासी रॉयल एस्टेट जीरकपुर, दविन्द्रपाल सिंह निवासी अर्बन एस्टेट दुगरी (लुधियाना) और राजपिन्द्र बाछल निवासी डेराबस्सी शामिल हैं। तीनों को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है। 

32 लाख लिए, फ्लैट का कब्जा नहीं दिया :
एन.आर.आई. पुलिस स्टेशन मोहाली के एस.एच.ओ. गुरप्रीत सिंह ने बताया कि पुलिस ने संस्कृति होम्स के मालिक रवि गर्ग निवासी रॉयल एस्टेट जीरकपुर के खिलाफ स्विट्जरलैंड निवासी नवीन शर्मा (मूल निवासी सैक्टर-10, पंचकूला, हरियाणा) की शिकायत पर केस दर्ज किया गया था। उस पर आरोप था कि उसने अगस्त 2014 में न्यू चंडीगढ़ (मुल्लांपुर गरीबदास) स्थित संस्कृति होम्स प्रोजैक्ट में एक फ्लैट खरीदने के लिए रवि गर्ग से संपर्क किया था। 

इसके लिए उसने 32 लाख रुपए का भुगतान कर दिया था। उसके बाद निर्धारित समय तक शिकायतकर्ता को फ्लैट का कब्जा नहीं दिया गया। पैसे वापस मांगने पर आरोपी ने चैक दिए, जो बाऊंस हो गए। पुलिस ने 24 अगस्त 2018 को एन.आर.आई. पुलिस स्टेशन फेज-7 मोहाली में आई.पी.सी. की धारा 420 के तहत केस दर्ज कर लिया था।

दो शोरूम लिए नहीं करवाई रजिस्ट्री :
पैरिस (फ्रांस) निवासी एन.आर.आई. जोगिन्द्र सिंह सिद्धू (मूल निवासी लुधियाना) ने बताया कि उसने खानपुर (खरड़) में आरोपियों द्वारा काटी जा रही एक कालोनी में दो शोरूम खरीदने के लिए उन्हें पैसे दिए थे। इसी दौरान पता चला कि कालोनी का नक्शा ही पास नहीं था। आरोपी पैसे लेकर रजिस्ट्री नहीं करवा सके। ऐसा करके आरोपियों ने उसके साथ 1.85 करोड़ रुपए का प्रॉपर्टी फ्रॉड किया। 

एन.आर.आई. पुलिस स्टेशन फेज-7 मोहाली में 3 दिसम्बर 2015 को दविन्द्रपाल सिंह निवासी अर्बन अस्टेट दुगरी, हरमोहिन्द्र सिंह निवासी लुधियाना व जतिन्द्र सिंह निवासी लुधियाना के खिलाफ केस दर्ज कर लिया था। आरोपी दविन्द्रपाल सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है।
 

Priyanka rana

Advertising