गन प्वाइंट पर कार लूटने वाले 2 लुटेरे समराला से गिरफ्तार

Monday, Sep 24, 2018 - 12:22 PM (IST)

चंडीगढ़(सुशील) : एलांते मॉल के पास गन प्वाइंट पर होंडा सिटी गाड़ी लूटने वाले दो लुटेरों को क्राइम ब्रांच ने पंजाब पुलिस की मदद से शनिवार रात समराला से गिरफ्तार कर लिया। क्राइम ब्रांच पकड़े गए दोनों लुटेरे लुधियाना के गांव ढोलेवाल निवासी सुखदीप सिंह और भरपूर सिंह को चंडीगढ़ लेकर आई। क्राइम ब्रांच ने दोनों को रविवार को ड्यूटी मजिस्ट्रैट के सामने पेश किया। गन बरामद करने के लिए पुलिस ने दोनों लुटेरों का तीन दिन का रिमांड मांगा। 

ड्यूटी मजिस्ट्रैट ने दोनों को तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया। क्राइम ब्रांच सुखदीप और भरपूर से लूट की अन्य वारदातों के बारे में भी पूछताछ कर रही है। 10 अगस्त को एलांते मॉल के बाहर निधि से लूटी गई होंडा सिटी गाड़ी नंबर सी.एच. 01ए.सी. 8796 का 26 अगस्त को बाइक के साथ एक्सीडैंट हो गया था। इस हादसे में बाइक सवार घायल हो गया था। समराला पुलिस ने कार को जब्त कर सुखदीप पर मामला दर्जकर उसे जमानत पर छोड़ दिया था। समराला पुलिस ने जब गाड़ी का रिकार्ड चेक किया तो पता चला कि गाड़ी एक्सीडैंट करने वाले युवकों की नहीं है। 

पुलिस ने तुरंत गाड़ी के नंबर से रिकार्ड निकलवाकर मालिक से संपर्क किया। मालिक ने बताया कि होंडा सिटी गाड़ी 10 अगस्त को दो युवक लूटकर फरार हो गए थे। समराला पुलिस ने मामले को लेकर चंडीगढ़ पुलिस की क्राइम ब्रांच सें संपर्क किया। शनिवार रात क्राइम ब्रांच और समराला पुलिस की ज्वाइंट टीम सुखदीप और भरपूर सिंह को समराला से दबोच लिया। 

एलांते में घूमने आए थे आरोपी :
पुलिस ने बताया कि सुखदीप सिंह और भरपूर सिंह 10 अगस्त को घूमने के लिए एलांते मॉल आए हुए थे। वापस समराला जाने के लिए उन्होंने गाड़ी लूटने की योजना बनाई। दोनों आरोपी एलांते मॉल के गेट के पास खड़े होकर अंधेरा होने का इंतजार करते रहे। अंधेरा होते ही दोनों ने पिस्टल दिखाकर सैक्टर-19 निवासी निधि से होंडा सिटी कार लूट ली और फरार हो गए। निधि अपनी सहेली नवप्रीत के साथ जीरकपुर में पार्टी करके एलांते मॉल घूमने आई थी। 
 

Priyanka rana

Advertising