नाबालिग लड़की का अपहरण कर छेड़छाड़ व मारपीट, दो आरोपी काबू, एक फरार

Sunday, Mar 18, 2018 - 09:24 AM (IST)

चंडीगढ़(सुशील) : तीन युवकों ने रामदरबार से एक नाबालिग लड़की का अपहरण कर लिया और उसे जेपनीज गार्डन में ले जाकर उससे छेड़छाड़ तथा मारपीट की। पुलिस ने आरोपियों में से दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपियों में एक नाबालिग लड़का भी है। मुख्य आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। सैक्टर-31 थाना पुलिस ने नाबालिग लड़की को बाल सुधार गृह भेज दिया है। 

 

घटना 10 मार्च की है लेकिन इसकी शिकायत 16 मार्च को की गई थी। रामदरबार निवासी पीड़ित नाबालिग लड़की ने पुलिस को बताया कि 10 मार्च को वह अपने घर के बाहर बैठी हुई थी। इसी बीच, पड़ोस का लड़का रवि उसके पास एक्टिवा लेकर आया और उसे अपहरण कर जेपनीज गार्डन में ले गया। नाबालिगा ने आरोप लगाया कि गार्डन में रवि का दोस्त गोलू और उसका भाई आ गया। तीनों उसके साथ गार्डन के सुनसान इलाके में छेड़छाड़ करने लगे। 

 

जब उसने विरोध किया तो तीनों युवकों ने उसकी पिटाई कर दी। वह आरोपियों से छूटकर अपने घर पहुंच गई लेकिन डर के कारण उसने घर में घटना के बारे में किसी को नहीं बताया। शुक्रवार को लड़की ने जब अपने परिजनों को इस घटना के बारे में बताया तो परिजन लड़की को लेकर पुलिस स्टेशन गए और पुलिस ने आज आरोपी गोलू और एक नाबालिग लड़के को गिरफ्तार कर लिया। 

 

रवि को थाने से भगा दिया पुलिस ने :
नाबालिग लड़की के परिजनों ने आरोप लगाया है कि शुक्रवार को उन्होंने रवि को पकड़कर सैक्टर-31 थाना पुलिस के हवाले किया था। थाना प्रभारी ने रवि कुमार से काफी देर पूछताछ भी की लेकिन पुलिस ने रवि कुमार को जानबूझकर थाने से भगा दिया। उन्होंने कहा कि यह सब थाने में लगे सी.सी.टी.वी. कैमरे में कैद है। 
 

Punjab Kesari

Advertising