175 आपराधिक मामलों में वांटेड गिरफ्तार

Sunday, Mar 04, 2018 - 10:25 AM (IST)

चंडीगढ़(सुशील) : वाहन चोरी और स्नैचिंग की वारदात को अंजाम देने वाले युवक को क्राइम ब्रांच की टीम ने कैंबवाला के पास नाका लगाकर दबोच लिया। आरोपी की पहचान अंबाला सिटी के मनमोहन नगर मकान नंबर 3181 निवासी 31 वर्षीय कुलदीप सिंह उर्फ नेपाली उर्फ दाना के रूप में हुई है। क्राइम ब्रांच ने आरोपी की निशानदेही पर 12 केस सुलझाने का दावा किया है, जिनमें 11 वाहन चोरी और एक स्नैचिंग का केस है। 

 

आरोपी कुलदीप सिंह उर्फ नेपाली पर 175 चोरी और स्नैचिंग के मामले दर्ज हैं। चंडीगढ़ में अभी तक 39 मामले दर्ज हो चुके हैं। पुलिस ने आरोपी से आठ दोपहिया वाहन, तीन कार और एक सोने की चेन बरामद की है। क्राइम ब्रांच ने पकड़े गए आरोपी कुलदीप को शनिवार जिला अदालत में पेश किया। अदालत ने आरोपी को 14 दिन के लिए न्यायिक हिरासत में भेज दिया। 

 

मौज-मस्ती के लिए करता था चोरी :
एस.पी. रवि कुमार सिंह ने बताया कि इंस्पैक्टर अमनजोत को 25 फरवरी को सूचना मिली थी कि वाहन चोरी कर रोपड़ में बेचने वाला युवक कैंबवाला में चोरी की वारदात करने के लिए घूम रहा है। क्राइम ब्रांच की टीम ने कैंबवाला के पास नाका लगाया। 

 

नाके पर पुलिस ने कार को रोककर कार सवार कुलदीप से कागजात मांगे। कुलदीप बहाने बनाने लगा। पुलिस को शक हुआ और उसे पकड़कर क्राइम ब्रांच लेकर आई। पुलिस ने जब कुलदीप से सख्ती से पूछताछ की तो उसने बताया कि जैन कार उसने सैक्टर-9 स्थित पंजाब पुलिस हैडक्वार्टर के पीछे से चोरी की थी।

 

14 साल में दर्ज हुए 175 केस :
आदतन वाहन चोरी करने वाले आरोपी कुलदीप सिंह पर 14 साल में कुल 175 चोरी और स्नैचिंग के मामले दर्ज हो चुके हैं। चंडीगढ़ पुलिस ने सबसे पहले आरोपी कुलदीप को 2004 में स्टीरियो चोरी केस में पकड़ा था। 

 

पुलिस ने बताया कि कुलदीप पर मोहाली, जीरकपुर, पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, फतेहगढ़ साहिब, रोपड़, करनाल और चंडीगढ़ में 39 मामले दर्ज हैं। वह चंडीगढ़ से वाहन चोरी करके रोपड़ में बेचता था। पुलिस अब उससे वाहन खरीदने वाले चार लोगों की तलाश कर रही है, जिनको वह आधे दाम पर वाहन बेच देता था। 

 

मास्टर की से खोलता था लॉक :
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह गाडिय़ां चोरी करने के लिए रेकी करता था। इसके बाद मास्टर की के सहारे वाहन का लॉक खोलकर वारदात को अंजाम देता था। उसके पास से 8 टू व्हीलर, 3 कार बरामद हुई हैं। सैक्टर-34 से स्नैच की गई एक सोने की चेन भी बरामद हुई है। एस.पी. रवि कुमार ने बताया कि कुलदीप मौज-मस्ती के लिए चोरी की वारदात को अंजाम देता था। 
 

Advertising