चावल के थैले में थी 25 करोड़ की हैरोइन, पहले भी पकड़ा जा चुका है आरोपी

Friday, Jan 19, 2018 - 07:52 AM (IST)

मोहाली(कुलदीप) : पंजाब में नशा तस्करी को नकेल कसने के लिए गठित की गई स्पैशल टॉस्क फोर्स (एस.टी.एफ.) ने पाकिस्तान से हैरोइन मंगवा कर पंजाब में सप्लाई करने वाले गिरोह के एक सदस्य को पांच किलो हैरोइन सहित गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। 

 

गिरफ्तार किए गए आरोपी का नाम अशोक कुमार बताया जा रहा है जो कि जम्मू कश्मीर के पुलिस स्टेशन अखनूर के गांव बडग़ल का रहने वाला है। उसके खिलाफ एस.टी.एफ. के मोहाली स्थित पुलिस स्टेशन में एन.डी.पी.एस. एक्ट की धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। 

 

उसे माछीवाड़ा-लुधियाना रोड पर स्थित गांव पंजेटा के पास से गिरफ्तार किया गया है। उसे मोहाली की जिला अदालत में पेश किया गया जिस दौरान अदालत ने उसे पांच दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। आरोपी से पकड़ी गई हैरोइन को अदालत में पेशी के बाद सील किया गया और पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी करवाई गई। 5 किलो हैरोइन की अंतर्राष्ट्रीय कीमत 25 करोड़ रुपए आंकी जा रही है। 

 

जम्मू नंबर सिल्वर रंग की इंडिका कार में दबोचा आरोपी : 
प्राप्त जानकारी मुताबिक एस.टी.एफ. की टीम ने गुप्त सूचना के अधार पर आरोपी अशोक कुमार को जम्मू नंबर सिल्वर रंग की इंडिका कार में उस समय गिरफ्तार कर लिया जब वह नाका देखकर कार पीछे को भगाने लगा। टीम ने उसका पीछा करके उसे दबोच लिया। 

 

एस.टी.एफ. की टीम ने जब कार की तालाशी ली तो डिग्गी में से एक थैला निकला जो कि चावलों का भरा हुआ था। थैले की गहनता से तालाशी लेने पर पता चला कि उसने चावलों में ही हैरोईन छुपा कर रखी हुई थी। एस.टी.एफ. द्वारा की गई पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने हैरोइन पाकिस्तान के जम्मू बार्डर के माध्यम से पाकिस्तानी तस्करों से मंगवाता था और इधर पंजाब के अलग अलग जिलों में ला कर बेचता था। 

 

पहले भी पकड़ा जा चुका है आरोपी : 
पता चला है कि आरोपी अशोक कुमार के खिलाफ इस से पहले भी जम्मू में एन.डी.पी.एस. एक्ट तहत केस दर्ज है। वह नशा तस्करी के केस में जेल में था। जेल से बाहर आते ही वह फिर उसी काम में जुट गया।

Advertising