नशा तस्करी करने वाली एक महिला सहित दो आरोपी गिरफ्तार

Friday, Dec 08, 2017 - 11:03 AM (IST)

मोहाली(कुलदीप) : स्पैशल टास्क फोर्स (एस.टी.एफ.) ने नशा तस्करी करने वाली एक महिला सहित दो आरोपियों को हैरोइन सहित गिरफ्तार किया। गिरफ्तार की गई महिला का नाम स्वीटी है जो कि हरियाणा के अंबाला शहर की रहने वाली है जबकि उसका साथी आरोपी गुरप्रीत सिंह उर्फ गंजा है जो कि पंजाब के समाणा शहर नजदीक गांव धनौरी का रहने वाला है। दोनों को आज मोहाली की अदालत में पेश किया गया जिस दौरान अदालत ने दोनों को चार दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। 

 

प्राप्त जानकारी मुताबिक एस.टी.एफ. की टीम ने गुप्त सूचना के अधार पर एयरपोर्ट रोड पर नाकेबंदी की हुई थी। टीम को सूचना थी कि आरोपी सफेद रंग की स्विफ्ट कार में आ रहे हैं जिन्होंने खरड़ तथा मोहाली में हैरोइन की सप्लाई देनी है। टीम ने नाकेबंदी दौरान टी.डी.आई. सिटी के पास स्विफ्ट कार को रोककर चैकिंग की तो कार से 345 ग्राम हैरोइन बरामद हुई। इसके अलावा उनसे साढ़े तीन लाख रुपए ड्रग मनी भी बरामद की गई।

 

दोनों को गिरफ्तार करके एस.टी.एफ. पुलिस स्टेशन फेज-4 ले जाया गया जहां पर दोनों खिलाफ एन.डी.पी.एस. एक्ट की धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया जहां से उन्हें 4 दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया। अब दोनों आरोपियों को 11 दिसंबर को फिर अदालत में पेश किया जाएगा।

 

गंजे को मामू ने मिलाया था स्वीटी से :
एस.टी.एफ. से मिली जानकारी मुताबिक गुरप्रीत सिंह गंजा इस से पहले बस कंडक्टर था जो कि किसी लड़ाई झगड़े के केस के चलते रोपड़ जेल में बंद हो गया। जेल में उसकी मुलाकात किसी मनोज कुमार मामू नाम के आरोपी से हुई जो कि नशा तस्करी के केस में बंद है। 

 

गुरप्रीत गंजा जब जेल से बाहर आने लगा तो मनोज मामू ने उसकी मुलाकात स्वीटी नाम की महिला से करवाई और उन्हें नशा सप्लाई करने के लिए कहा ताकि वे मोटी कमाई कर सकें। मामू ने उसे दिल्ली निवासी एक ‘ऊभी’ नाम के नाइजीरियन का पता बताया। जेल से बाहर आते ही गुरप्रीत गंजा अंबाला निवासी स्वीटी के संपर्क में आया और दोनों दिल्ली से हैरोइन की सप्लाई लाने लगे। 

 

महिला का पति तथा देवर, जेठ भी जेल में है बंद :
पता चला है कि महिला स्वीटी का पति, देवर तथा जेठ भी नशा तस्करी के धंधे में अलग अलग जेल में बंद हैं। स्वीटी पिछले करीब सात-आठ महीने से मोहाली क्षेत्र में नशे की तस्करी कर रही है। 

 

मामू को जेल से प्रोडक्शन वारंट पर लाएगी एस.टी.एफ. :
एस.टी.एफ. अब ऊभी नाम के उस नाइजीरियन का पता लगाने में जुटी हुई है,लेकिन आरोपियों से पूछताछ में पता चला कि ऊभी उन्हें नशे की सप्लाई किसी बाईपास पर आकर दे जाता था, उसका पता उन्हें मालूम नहीं है। उसका पक्का पता लगाने के लिए एस.टी.एफ. अब रोपड़ जेल से मनोज कुमार उर्फ मामू को प्रोडक्शन वारंट पर ले कर आएगी। 

Advertising