140 ग्राम हैरोइन सहित एक गिरफ्तार, रिमांड पर भेजा

Friday, Dec 13, 2019 - 12:36 PM (IST)

मोहाली(कुलदीप) : एस.टी.एफ. ने नशीले पदार्थ हैरोइन सहित एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए आरोपी का नाम अमृतपाल सिंह उर्फ मम्मू है। जो जिला फतेहगढ़ साहिब के गांव ब्रॉस (पुलिस थाना आला सिंह बडाली) का रहने वाला है। पुलिस मुताबिक आरोपी के कब्जे से 140 ग्राम हैरोइन बरामद की गई है।

एस.टी.एफ. के ए.आई.जी. रोपड़ रेंज हरप्रीत सिंह ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि उक्त आरोपी स्कौडा कार में लखनौर गांव की ओर हैरोइन की सप्लाई देने जा रहा है। ए.एस.आई. अवतार सिंह सोही की अगुवाई वाली पुलिस टीम ने लखनौर टी-प्वाइंट के पास नाका लगा कर उसे रोक लिया। तलाशी दौरान उसके कब्जे से 140 ग्राम हैरोइन बरामद हुई।

ए.आई.जी. ने बताया कि पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसका कुछ समय पहले गांव में ही किसी के साथ झगड़ा हो गया था। जिसका समझौता करने पर उसके काफी पैसे खर्च हो गए। इस दौरान वह अपने एक दोस्त के पास पैसे उधार मांगने गया तो दोस्त ने पैसे देने की बजाय उसे हैरोइन तस्करी करने की सलाह दी। 

मोटे मुनाफे के लालच में आकर वह दोस्त का कहा मान हैरोईन की सप्लाई करने लगा। वह हैरोइन दिल्ली के विकासपुरी क्षेत्र में रह रहे एक नाईजीरियन से 1 हजार रुपए प्रति ग्राम के हिसाब से खरीद कर लाने लगा। यहां अपने पक्के ग्राहकों को 2 हजार रुपये प्रति ग्राम के हिसाब से बेच देता था।

तीन बार दिल्ली से लाया था हैरोइन :
आरोपी अमृतपाल सिंह उर्फ मम्मू ने पुलिस पूछताछ में यह भी बताया कि वह अब तक दिल्ली से तीन बार हैरोइन खरीद कर ला चुका है। इस बार वह हैरोइन लेकर आया तो पुलिस की गिरफ्त में आ गया। आरोपी अमृतपाल सिंह उर्फ मम्मू अपनी स्कौडा कार में लखनौर गांव की ओर हैरोइन की सप्लाई देने जा रहा है।  

ए.एस.आई. अवतार सिंह सोही ने बताया कि हैरोईन सहित पकड़े आरोपी अमृतपाल सिंह उर्फ मम्मू निवासी गांव ब्रॉस जिला फतेहगढ़ साहिब के खिलाफ एस.टी.एफ. के पुलिस स्टेशन फेज-4 मोहाली में विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। आज उसे ड्यूटी मैजिस्ट्रेट के सामने पेश किया। जहां से उसे ड्यूटी मैजिस्ट्रेट ने एक दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।
 

Priyanka rana

Advertising