ATM कार्ड क्लोनिंग से पैसे निकालने वाले दो आरोपी काबू

Thursday, Dec 12, 2019 - 11:53 AM (IST)

पंचकूला(चंदन) : क्राइम ब्रांच-26 की टीम ने ए.टी.एम. कार्ड को क्लोनिंग कर व्यक्ति के अकाऊंट से पैसे निकालने वाले दो आरोपियोंं को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने कुछ दिन पहले पिंजौर के व्यक्ति के कार्ड को क्लोन कर एक लाख रुपए निकाल लिए थे। दोनों आरोपी गैस सिलैंडर डिलीवर करने का काम करते हैं। आरोपियोंं की पहचान पंकज कुमार व दिलीप कुमार पिंजौर निवासी के रूप में हुई है। 

पुलिस ने दोनों आरोपियों को बुधवार को कोर्ट में पेश किया। वहां से दोनों को 5 दिन के रिमांड पर भेज दिया है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि दोनों कार्ड स्वाइप करने के बाद मशीन को आगे अपने दूसरे साथियों को दे देते थे। जो आनॅलाइन ट्रांजैक्शन कर पैसे अकाऊंट से निकाल लेते थे। पुलिस रिमांड के दौरान आरोपियों से उनके अन्य साथियों की जानकारी जुटाएगी।

आरोपियों ने कई और लोगों से भी की ठगी :
पिंजौर निवासी किशन सिंह ने पिंजौर थाना पुलिस में पैसे निकलने की शिकायत दी। जब बैंक में पता चला कि कार्ड का किसी ने क्लोन बना लिया है। बाद में ध्यान में आया कि ए.टी.एम. का प्रयोग गैस सिलैंडर की पेमैंट देने के लिए किया था। 

17 नवम्बर को घर पर गैस सिलैंडर देने के लिए 2 लड़के आए थे और उनके पास कार्ड स्वाइप करने की 2 मशीनें थीं। ए.टी.एम. से पंकज नाम के लड़के को गैस सिलैंडर की पेमैंट करने के लिए दिया था। जब पूछताछ के लिए गैस एजैंसी पहंचे तो पता चला कि कई लोगों के इसी प्रकार से खाते से पैसे निकले हैं। पिंजौर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी।

Priyanka rana

Advertising