वाहन चोर गिरोह के दो और सदस्य गिरफ्तार, 40 टू-व्हीलर्स बरामद

Wednesday, Aug 14, 2019 - 08:52 AM (IST)

पंचकूला(चंदन) : क्राइम ब्रांच-26 की टीम ने बाइक चोरी करने वाले गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों से चोरी के 40 टू व्हीलर्स बरामद हुए। आरोपियों की पहचान त्रिलोचन सिंह उर्फ राजू (36) निवासी जीरकपुर और सतवीर सिंह (38) निवासी जिला अमरोहा, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। 

गिरोह के तीन सदस्यों प्रकाश (28), प्रदीप (20) व चंद्रशेखर (26) को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। तीनों की निशानदेही पर पहले 61 दोपहिया वाहन बरामद किए गए थे। क्राइम ब्रांच-26 के इंस्पैक्टर अमन कुमार की टीम ने बाइक चोरी करने व जाली कागजात तैयार करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। 

पूछताछ के दौरान पहले गिरफ्तार आरोपियों ने बताया था कि इन वारदातों में उनके अन्य साथी भी शामिल हैं। वे चोरी के वाहनों के जाली कागजात त्रिलोचन सिंह उर्फ राजू से बनवाकर उनको ईंट भट्ठों पर काम करने वाले मजदूरों को बेच देते थे। पुलिस ने पांचों आरोपियों की निशानदेही पर अब तक चोरी के 101 दोपहिया वाहन बरामद किए हैं। 

फर्जी कागजात बनाने का सामान भी बरामद :
पुलिस ने त्रिलोचन की निशानदेही पर सतवीर को गिरफ्तार किया। दोनों एक-दूसरे को करीब 15-16 साल से जानते हैं। सतवीर जीरकपुर में ऑटो चलाता था। इसी दौरान वह त्रिलोचन के संपर्क में आया और दोनों ने मिलकर बाइक  चोरी कर नकली कागज बनाकर बेचना शुरू कर दिया। 

पुलिस ने आरोपी त्रिलोचन उर्फ राजू से जाली कागजात तैयार करने का सामान मॉनिटर, सी.पी.यू, कलर प्रिंटर, स्कैनर, की-बोर्ड, आर.सी कटर, पैन ड्राइव, आर.सी लैमिनेशन कवर, खाली आर.सी बुक, स्टैंप पैड, फर्जी मोहरें, ड्राइविंग लाइसैंस और मास्टर की भी बरामद की है। 

अब तक चोरी के 250 दोपहिया वाहन बेच चुके हैं :
आरोपी त्रिलोचन पर इससे पहले जाली वीजा लगवाकर पैसे ऐंठता था। उसके खिलाफ चंडीगढ़ पुलिस में मामला दर्ज है। पुलिस अभी भी इस गिरोह के अन्य सदस्यों नवी व नाशिर की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है। आरोपी अब तक चोरी के 250 दोपहिया वाहन बेच चुके हैं।

Priyanka rana

Advertising