आंगनबाड़ी वर्कर्स व हैल्पर यूनियन ने मांगों को लेकर लगाया जाम, पुलिस के साथ की धक्का-मुक्की,बसों में बिठाकर शहर से बाहर छोड़ा

Friday, Mar 04, 2022 - 01:30 AM (IST)

पंचकूला,(मुकेश): बरवाला ब्लॉक के पास जलौली टोल प्लाजा में वीरवार सुबह कई घंटों तक आंगनबाड़ी वर्कर्स व हैल्पर यूनियन ने अपनी मांगों को लेकर जाम लगाया। जिसके बाद पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की और खींचातानी भी हुई। पुलिसकर्मियों द्वारा जबरन प्रदर्शनकारियों को वहां से हटाने का प्रयास किया गया और कई प्रदर्शनकारी को हिरासत में लिया। मौके पर दिन भर भारी पुलिस बल तैनात रहा। हरियाणा में 8 दिसम्बर 2021 से आंगनबाड़ी वर्कर्स और हैल्पर्स की हड़ताल जारी है। 85 दिन से हड़ताल व आंदोलन जारी है। हरियाणा सरकार मांगों का समाधान नहीं कर रही है। बल्कि वर्कर्स और हैल्पर्स की सेवाएं समाप्त कर रही है और झूठे केस दर्ज कर रही है। 

 


अपनी मांगों को हल करवाने के लिए प्रदेश की आंगनबाड़ी वर्कर्स और हैल्पर्स वीरवार को हरियाणा विधानसभा का घेराव करने के लिए कूच करना था। लेकिन पुलिस ने उन्हें पंचकूला आने से पहले ही रोक दिया। जिसके बाद आंगनबाड़ी वर्कर्स और हैल्पर अपनी मांगों को लेकर सड़क जाम कर दिया। जीरकपुर और पंचकूला के बॉर्डर पर भी भारी पुलिस तैनात रही और प्रदर्शन के लिए हरियाणा के अलग-अलग जिलों से पहुंची आंगनबाड़ी वर्कर्स को बॉर्डर पर ही रोक दिया गया। 

 


भाजपा सरकार का महिला विरोधी चेहरा आया सामने: आंगनबाड़ी फैडरेशन
भाजपा सरकार ने आज जो हरियाणा की आंगनबाड़ी वर्कर्स और हैल्पर्स के साथ किया है, इससे उसका महिला विरोधी चेहरा सामने आ गया है। यह दमन और तानाशाही है। 5 मार्च को इसका जवाब दिया जाएगा। सभी जिलों में मंत्री विधायकों, पुलिस प्रमुख के यहां जोरदार आक्रोश कार्रवाइयां होंगी।
 5 मार्च महिला दिवस के दिन भाजपा सरकार की महिला विरोधी दमन व तानाशाही के खिलाफ ऐतिहासिक कार्रवाई होगी। तालमेल कमेटी ने जनता के तमाम हिस्सों व प्रदेश की सभी 52000 आंगनबाड़ी वर्कर्स और हैल्पर्स पर दमन के खिलाफ एकजुट हों। शांतिपूर्वक चल रहे आंदोलन व विधान सभा कूच को रोकने के लिए पुलिस बल का प्रयोग किया गया। पंचकूला में हजारों महिलाओं को गिरफ्तार करके अलग-अलग जगह पर भेजा गया है। 
आंगनबाड़ी फैडरेशन की राष्ट्रीय अध्यक्ष  उषा रानी, महासचिव ए.आर. सिंधु, तालमेल कमेटी नेताओं पुष्पा दलाल को पंचकुला में शकुंतला, सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा के महासचिव सतीश सेठी, सीटू नेता कमलेश आदि  नेताओं को संैकड़ों महिलाओं के साथ गिरफ्तार किया गया। सैंकड़ों वर्कर्स और हैल्पर्स के साथ पुलिस ने लाठीचार्ज व धक्का मुक्की की। गिरफ्तार करने के बाद अलग जगह ले जाकर आंदोलनकारियों को छोड़ा गया। 

 


शाहबाद से पंचकूला वाया बरवाला रोड पर चार जगहों पर हजारों वर्कर्स को पुलिस ने बेरिकोड़ लगाकर रोका। राष्ट्रीय राजमार्ग जाम रहा। पुलिस द्वार रोक जाने पर अम्बाला चंडीगढ़ के बीच लालडू़ के पास हजारों वर्कर्स ने जी.टी. रोड पर धरना लगाया। पानीपत में बड़े तादाद में गाडिय़ों को रोक लिए जाने पर कई घंटे तक प्रदर्शन हुआ। इसी प्रकार से कैथल, गुडग़ांव,पलवल, रेवाड़ी, नारनौल, हिसार,फतेहबाद सहित तमाम जिलों में कल रात से ही वर्कर्स हैल्पर्स को विधान सभा कूच में जाने से रोकने के लिए नेताओं को धरपकड़ की गई। सीटू प्रदेश अध्यक्ष सुरेखा, महासचिव जय भगवान, राजेंद्र, उपाध्यक्ष ईश्वर सिंह राठी, सर्व कर्मचारी संघ के प्रदेश महासचिव जय भगवान तालमेल कमेटी की नेताओं कृष्णा, और देवेंद्र शर्मा ने सरकार की इस कार्रवाई के कड़े शब्दो में निंदा की है। 

 


400 से ज्यादा वर्करों पर दर्ज किए झूठे केस
तालमेल कमेटी नेताओं ने कहा कि हड़ताल को 85 दिन हो चुके हैं, 300 के करीब वर्करों की सेवासमाप्ति की गई है, 400 से ज्यादा वर्करों पर झूठे पुलिस केस दर्ज किए जा चुके हैं। इसके बावजूद जब आंदोलनकारी वर्कर्स की आवाज को दबा नहीं पाई तो आज सरकार ने विधान सभा कूच को विफल बनाने के के लिए कल रात से धरपकड़ और साधनों को जब्त करना शुरू कर दिया जो बेहद निंदनीय है। तालमेल कमेटी की नेताओं ने बहादुर आंगनबाड़ी वर्कर्स और हेल्पर्स के संघर्ष और उनके जज्बे को सलाम करते हुए कहा कि आप ऐसे ही मैदान में डटी रहे सरकार को अपने दमनकारी कदम वापस लेते हुए हमारी मांगों का समाधान करना ही होगा। उन्होंने सरकार की जमकर आलोचना करते हुए कहा कि हरियाणा चाहे जितना जोर लगा ले लेकिन आंदोलन बिना जीत और समझोते के वापस  ही हो सकता।
 

Ajay Chandigarh

Advertising