अमित शाह की मोगा रैली पंजाब में बदलाव का बिगुल साबित होगी: तरुण चुग

punjabkesari.in Thursday, Mar 12, 2026 - 05:23 PM (IST)

मोहाली: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुग ने आज भाजपा पंजाब के सह-कोषाध्यक्ष सुखविंदर सिंह गोल्डी से मुलाकात की। इस दौरान साथियों के साथ पंजाब के मौजूदा राजनीतिक हालात, संगठनात्मक गतिविधियों तथा केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की मोगा में प्रस्तावित आगामी रैली को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

इस अवसर पर सुखविंदर सिंह गोल्डी ने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का दौरा पंजाब की राजनीति में एक महत्वपूर्ण टर्निंग प्वाइंट साबित होगा। उन्होंने कहा कि मोगा में होने वाली रैली से प्रदेश की राजनीति को नई दिशा मिलेगी और भाजपा कार्यकर्ताओं में नया उत्साह पैदा होगा।

PunjabKesari

चुग ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता पूरे जोश और समर्पण के साथ रैली की तैयारियों में जुटे हुए हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब की जनता अब आम आदमी पार्टी की नीतियों और विफलताओं से निराश हो चुकी है और राज्य में परिवर्तन की मजबूत लहर दिखाई दे रही है।

चुग ने कहा कि भगवंत मान के नेतृत्व वाली आप सरकार में पंजाब की कानून-व्यवस्था की स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है। राज्य में अपराध, नशे की समस्या और असुरक्षा का माहौल बढ़ रहा है, जिससे आम जनता में चिंता और असंतोष बढ़ता जा रहा है। चुग ने जोड़ा कि पंजाब को एक मजबूत, जिम्मेदार और पारदर्शी शासन की आवश्यकता है। भाजपा कार्यकर्ता जनता के बीच जाकर राज्य के वास्तविक मुद्दों को उठाएंगे और पंजाब को विकास, सुशासन तथा स्थिरता की दिशा में आगे बढ़ाने का काम करेंगे। चुग ने यह भी स्पष्ट किया कि भाजपा आगामी विधानसभा चुनावों में पंजाब की सभी 117 सीटों पर मजबूती से चुनाव लड़ेगी।


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Sahil Kumar

Related News