नगर निकायों से आ रही शिकायतों पर तल्ख हुए विज

punjabkesari.in Friday, Jul 23, 2021 - 09:21 PM (IST)

चंडीगढ़, (अविनाश पांडेय): हरियाणा के नगर निकायों से भ्रष्टाचार की आ रही शिकायतों पर अब शहरी निकाय मंत्री अनिल विज एक्शन मोड में आ गए हैं। गुरुग्राम नगर निगम में छापामारी के बाद दूसरे निगमों की शिकायतों पर भी मंत्री की नजरें टेढ़ी हो गई हैं। गुरुग्राम नगर निगम में 7 कर्मियों पर मुकद्दमा दर्ज करवाने और 2 एस.डी.ओ. को सस्पैंड तथा 1 एक्स.ई.एन. को रिलीव करने से दूसरे निकायों में हड़कंप मच गया है। वहीं महीनों पहले विज के आदेशों के बाद फरीदाबाद और गुरुग्राम नगर निगमों का ऑडिट शुरू हो गया है। महालेखाकार की टीमें दोनों निगमों का रिकॉर्ड खंगालने में जुट गई हैं। 

 


‘गुरुग्राम और फरीदाबाद में करोड़ों रुपए घपले की पहुंची थी शिकायत’
शहरी निकाय मंत्री अनिल विज के पास बीते वर्ष फरीदाबाद और गुरुग्राम निगमों के खिलाफ भ्रष्टाचार की कई शिकायतें पहुंची थीं, जिसके बाद ही विज ने ए.जी. से ऑडिट करवाने का फैसला लिया था। विज की ओर से महीनों पहले महालेखाकार परीक्षक हरियाणा को पत्र लिखा गया था जिस पर बीते दिनों से ऑडिट का काम शुरू हुआ है। निगमों में ए.जी. की टीम आते ही जहां अफसरों व कर्मचारियों में हड़कंप मच गया है तो वहीं शिकायत करने वालों को कार्रवाई की आस जगी है। इस ऑडिट में पिछले 5 वर्ष का लेखा-जोखा एकत्र किया जा रहा है।


‘अब विज के निशाने पर फरीदाबाद नगर निगम’
विज के निशाने पर अब प्रदेश का चॢचत नगर निगम फरीदाबाद आ गया है। यहां से मंत्री से पास हर सप्ताह दर्जनों शिकायतें आती हैं। खुद कांग्रेस के विधायक नीरज शर्मा ने कई बार निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए अफसरों के खिलाफ शिकायत दी है। यही नहीं सत्तारूढ़ दल के भी कई नेता विज को फरीदाबाद नगर निगम के हालातों से अवगत करवा चुके हैं। ऐसे में अब माना जा रहा है कि मंत्री के निशाने पर फरीदाबाद निगम आ चुका है, जहां अगले दिल्ली दौरे में उनकी ओर से छापामारी कर कागजों की जांच पड़ताल की जा सकती है।


‘ऑफिस छोडऩे से पहले मूवमैंट रजिस्टर भरना हुआ जरूरी’
निकाय मंत्री की ओर से प्रदेश के सभी नगर निगम आयुक्तों और अफसरों को कहा गया है कि कर्मचारी को दफ्तर छोडऩे से पहले मूवमैंट रजिस्टर भरना जरूरी है। विज की ओर से कहा गया है कि यदि मूवमैंट रजिस्टर में ऑफिस छोडऩे का कारण नहीं दर्ज किया गया तो ऐसे कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। विज ने गुरुग्राम निगम में छापामारी के दौरान कई कर्मचारियों के समय से दफ्तर नहीं पहुंचने पर सवाल खड़े किए थे।


‘ज्यादा शिकायतें लंबित होने पर कुरुक्षेत्र के एस.पी. से मांगा स्पष्टीकरण’
गृह मंत्री विज ने कुरुक्षेत्र के पुलिस अधीक्षक से शिकायतों का निराकरण नहीं होने पर 15 दिनों के अंदर स्पष्टीकरण मांगा है। विज की ओर से गृह विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव को पत्र लिखकर कहा गया है कि उनके पास सबसे ज्यादा शिकायतें कुरुक्षेत्र जिले से आ रही हैं ऐसे में पुलिस अधीक्षक यह बताएं कि आखिर शिकायतों पर कार्रवाई क्यों नहीं हो पा रही है। इससे पहले भी विज की ओर से कई जिलों के पुलिस अधीक्षकों से स्पष्टीकरण मांगा गया था।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Vikash thakur

Recommended News

Related News