आखिरकार खुल ही गई सैक्टर-17 की 2 पार्किंग

punjabkesari.in Tuesday, May 17, 2016 - 09:02 AM (IST)

 चंडीगढ़ (राय):  सैक्टर-17 में मल्टीलेवल पार्किग को शुरू होने के बाद नगर निगम द्वारा दो पार्किग बंद करने के फैसले का विरोध प्रदर्शन थम नहीं रहा था। व्यापारियों के लगातार हो रहे विरोध के बाद साहिब सिंह व इम्पायर स्टोर पार्किंग को खोल दिया गया। 11 मई से बंद पड़ी दोनों पार्किंग्स को सोमवार शाम खोल दिया गया। निगम व क्षेत्र के व्यापारियों के बीच हुए समझौते के बाद इन्हें खोलने का निर्णय लिया गया। रात्रि लगभग 8.30 बजे मेयर अरुण सूद ने स्वयं जाकर इन पार्किंग्स को खोला।

नगर निगम व सैक्टर-17 के व्यापारियों के बीच हुए एम.ओ.यू. के बाद यहां की साहिब सिंह व इम्पायर स्टोर पार्किंग को खोल दिया गया। नगर निगम व व्यापारियों के बीच इससे पहले एम.ओ.यू. साइन किया गया, जिसके तहत हर रोज सुबह 11.30 से ये दोनों पार्किंग्स लोगों के लिए खुला करेंगी। इसके अलावा जारी किए गए स्टीकरों के तहत व्यापारी व यहां के कर्मचारी अपने वाहन मल्टी लैवल पार्किंग में पार्क करेंगे। नगर निगम द्वारा तब तक इन पार्किंगों को बंद नहीं किया जाएगा, जब तक प्रैजैंटेशन में शो किए गए विकास का 50 प्रतिशत काम पूरा नहीं कर लिया जाता। यहां पर नगर निगम द्वारा और मल्टी लैवल पार्किंग बनाने के रास्ते खोले जाएंगे। 

प्रैजैंटेशन के बाद व्यापारी संतुष्ट हुए : मेयर

पार्किंगों को खोले जाने के मामले में मेयर बताया कि आज व्यापारियों को प्लाजा के विस्तार से संबंधित दिखाई गई प्रैजैंटेशन के बाद व्यापारी संतुष्ट हो गए कि यह उनकी व शहर की भलाई के लिए ही बंद की जानी हैं। प्रैजैंटेशन के बाद व्यापारियों ने इस बात पर सहमति जताई कि जब तक प्रैजैंटेशन में दिखाए गए विकास कार्यों में से 50 प्रतिशत कार्य पूरा नहीं हो जाता, तब तक इन पार्किंगों को बंद न किया जाए। मेयर ने बताया कि पार्किंगों को बंद इसलिए किया गया था ताकि जिन दोनों पार्किंगों को बंद किया गया वहां से प्लाजा का विकास कार्य शुरू किया जा सके लेकिन अब इन दोनों पार्किंगों को खोलने के बाद विकास कार्य किसी और जगह से शुरू किया जाएगा। एक प्रश्न के उत्तर में उन्होंने कहा कि कुछ राजनीतिज्ञों ने उन पर इस मामले को प्रैसटीज इश्यू बनाने का आरोप लगाया था लेकिन वह यह साफ करना चाहते हैं कि प्रैसटीज इश्यू उनका नहीं, बल्कि सैक्टर-17 के विकास व शहर के विकास का था।

व्यापारियों की जीत हुई : छाबड़ा

उधर, पार्किंग खुलने को कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप छाबड़ा ने व्यापारियों व लोगों की जीत बताया है। उन्होंने कहा कि उन्होंने पहले ही मेयर को कहा था कि दोनों पार्किंगें खोल दी जाएं लेकिन मेयर ने उनकी बात नहीं मानी। उन्होंने कहा कि जब-जब भी मेयर लोगों के हित के खिलाफ कोई फैसला लेंगे, तब-तब कांग्रेस इसका जमकर विरोध करेगी। उन्होंने कहा कि पार्टी की ओर से पार्किंगों को खोलने के समर्थन में शुरू की जाने वाली क्रमिक भूख हड़ताल रद्द कर दी गई है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News