रद्द हुई DAV कॉलेज की MBA की मान्यता

Wednesday, Sep 19, 2018 - 10:12 AM (IST)

चंडीगढ़(रश्मि) : पंजाब यूनिवर्सिटी (पी.यू.) की ओर से डी.ए.वी. कॉलेज सैक्टर-10 की एम.बी.ए. की एफिलिएशन कैंसिल कर दी गई है। यह फैसला पी.यू. में मंगलवार को हुई एफिलिएशन कमेटी में लिया गया है। 

एफिलिएशन कमेटी को अशोक गोयल चेयर कर रहे थे। कमेटी में चर्चा हुई कि कॉलेज में कुछ ऐसे बच्चों को दाखिला दिया गया है जो कैट क्लीयर करने वाले नहीं हैं। साथ ही कालेज में स्टूडैंट्स के लिए वह इंफास्ट्रक्चर भी नहीं है जो प्रॉस्पैक्टस में दिखाया गया है। गर्ल्स के लिए कामन रूम भी नहीं है। 

जानकारी के मुताबिक डी.ए.वी. कालेज प्रबंधन को 2018-19  में एम.बी.ए. में दाखिला देने से मना किया गया था। कॅालेज में गई इंस्पैक्शन कमेटी की रिपोर्ट के तहत कालेज में स्टूडैंट को एम.बी.ए. की पढ़ाई करवाने के  लिए जरूरी इंफ्रास्ट्रक्चर नहीं है।  डी.ए.वी. कैंपस में एम.बी.ए. कोर्स पिछले सैशन 2017 से ही शुरू हुआ था। इस कोर्स के लिए 60 सीटें रखी गई थी। 

साथ ही कॉलेज में उन स्टूडैंट्स को भी दाखिले दिए गए जिन्होंने पी.यू. के मैनेजमैंट एंट्रस टैस्ट (मैट)और यूनिवर्सिटी इंस्टीटयूट ऑफ अप्लाइड मैनेजमैंट साइंंसिज टैस्ट को क्लीयर किया था। जबकि नियमों के तहत सिर्फ कैट क्लीयर करने वाले स्टूडैंट को ही दाखिला दिया जाना था। शहर में एम.बी.ए. सिर्फ पी.यू. में ही करवाई जाती है। पी.यू. से संबंधित किसी कालेज में यह एम.बी.ए. नहीं करवाई जाती है।

जोशन थे एम.बी.ए. कोर्स के डायरैक्टर :
डी.ए.वी. के पूर्व प्रिंसीपल बी.सी. जोशन से संपर्क नहीं हो पाया। ध्यान रहे कि  प्रिंसीपल जोशन हाल ही में प्रिंसीपल के पद सेवानिवृत्त हो गए हैं। वह एम.बी.ए. कोर्स के डायरैक्टर भी थे। 

मिलीभगत के लगाए थे आरोप :
डी.ए.वी. में एम.बी.ए. कोर्स की संबंधता के संबंध में आर.टी.आई. एक्टिविस्ट  आर.के. सिंगला ने पी.यू प्रबंधन पर आरोप लगाया था कि डी.ए.वी. को पिछले सैशन 2017 में एम.बी.ए. की एफिलिएशन पी.यू. की मिलीभगत से दी गई थी। इसकी शिकायत सिंगला ने यू.जी.सी., एम.एच.आर.डी., ए.आई.सी.टी.ई., मुख्य सर्तकता अधिकारी, ए.आई.सी.टी.ई. और देश के प्रधानमंत्री को की है।  

Priyanka rana

Advertising