एडवोकेट अरविंद ठाकुर का निधन, आज कोर्ट में ‘नो वर्क-डे’
punjabkesari.in Wednesday, Oct 12, 2016 - 10:29 AM (IST)

चंडीगढ़ (बृजेन्द्र): डिस्ट्रिक्ट कोर्ट के प्रैक्टिसिंग एडवोकेट एवं ग्लोबल ह्यूमन राइट्स काऊंसिल के चेयरमैन अरविंद ठाकुर का सोमवार रात करीब साढ़े 9 बजे निधन हो गया। वह 46 वर्ष के थे। उनका मंगलवार दोपहर डेढ़ बजे सैक्टर-25 स्थित श्मशानघाट में अंतिम संस्कार किया गया। ठाकुर अपने पीछे एक बेटा-बेटी व पत्नी को छोड़ गए हैं। डी.बी.ए. के वाइस प्रैजीडैंट विनोद कुमार वर्मा ने बताया कि ठाकुर के निधन से पूरी डिस्ट्रिक्ट बार को भारी क्षति हुई है। बुधवार को बार की तरफ से कामकाज ठप्प रखा जाएगा व ‘नो वर्क डे’ घोषित किया गया है। साथ ही दोपहर साढ़े 12 बजे एक शोक सभा भी आयोजित की जाएगी।
दोपहर को बिगड़ी थी तबीयत
अरविंद ठाकुर पिछले कुछ समय से कमजोर चल रहे थे। उनके साथ साढ़े 11 साल काम कर चुके एडवोकेट शिवमूॢत यादव ने बताया कि सोमवार सुबह 11 बजे के लगभग ठाकुर रोज की तरह कोर्ट में अपने चैंंबर में आए व फाइल वर्क किया जिसके बाद अढ़ाई बजे सैक्टर-44 स्थित अपने घर चले गए। घर पर उन्होंने बुखार की शिकायत की और दवाई खाकर लेट गए। शाम करीब साढ़े 5 बजे जब उनकी पत्नी व बच्चे घर आए तो देखा कि वह बेहोश पड़े हैं। उन्हें तुरंत पी.जी.आई. ले जाया गया। जहां डाक्टरों ने उन्हें रात साढ़े 9 बजे मृत घोषित कर दिया।