प्रशासक ने कई विभागों से लिया अगले 100 दिन का एक्शन प्लान

punjabkesari.in Wednesday, Jun 05, 2019 - 12:32 PM (IST)

चंडीगढ़(साजन) : पंजाब के राज्यपाल और यू.टी. के प्रशासक वी.पी. सिंह बदनौर ने मंगलवार को विभिन्न विभागों के मुखियाओं के साथ मीटिंग कर उनसे अगले 100 दिन का एक्शन प्लान मांगा ताकि कुछ नए प्रोजैक्ट्स जनता को समर्पित किए जा सकें। हैल्थ, मैडीकल एजुकेशन एंड रिसर्च, टूरिज्म, कल्चर एवं फॉरैस्ट विभाग ने इस दौरान अपना 100 दिन का एजैंडा प्रशासक को सौंपा। इस दौरान प्रिंसीपल होम सैक्रेटरी अरुण कुमार गुप्ता सहित विभिन्न विभागों के हैड मौजूद रहे। 

हैल्थ विभाग ने शहर की 20 डिस्पैंसरियों को हैल्थ एंड वैलनैस सैंटरों में बदलने का अपना कमीटमैंट बताया। गवर्नमैंट मल्टी स्पैशिएलिटी अस्पताल- सैक्टर-16 में लेबर रूमों को अपग्रेड किए जाने, सिविल अस्पताल सैक्टर-22, सैक्टर-45 व मनीमाजरा को केंद्र सरकार के लक्ष्य प्रोटोकॉल के तहत अपग्रेड करने, जी.एम.एस.एच.-16 में एम.बी.बी.एस. की 50 सीटें और पोस्ट ग्रैजुएट की विभिन्न विभागों जिसमें एनैस्थीसिया, ई.एन.टी., पैथोलॉजी, एमरजैंसी, स्किन एंड आई डिपार्टमैंट में 24 सीटें जल्द मिल सकती हैं के संदर्भ में बताया। 

प्रिंसीपल होम सैक्रेटरी व हैल्थ सैक्रेटरी अरुण कुमार गुप्ता ने मीटिंग में बताया कि फिलहाल एम.बी.बी.एस. सीटें जी.एम.एस.एच.- 16 में शुरू किए जाने का प्रोपोजल है जिसे केंद्र सरकार के पास भेजा जाएगा। उम्मीद है कि यहां से यह प्रोपोजल पास हो जाएगा। फिलहाल जो डाक्टर हैं उन्हें ही फैकल्टी के तौर पर इस्तेमाल किया जाएगा। 

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने जो नए नियम बनाए हैं उसमें इसको लेकर कुछ छूट दी गई है। मीटिंग में बताया गया कि 21 जून 2019 को इंटरनैशनल योगा-डे मनाया जा रहा है। नैशनल आयुष मिशन के तहत स्टेट प्रोग्राम मैनेजमैंट यूनिट स्थापित करने पर भी रजामंदी बन गई है। जी.एम.सी.एच.- 32 में एम.बी.बी.एस. की 100 से 150 सीटें बढ़ाने का प्रस्ताव है। एम.सी.आई. वैबसाइट पर यह पहले ही दिखाया जा रहा है। जल्द ही एम.सी.आई. से इसकी अनुमति मिलने की उम्मीद है। 

नए बने अस्पताल को किया जी.एम.सी.एच.-32 के सुपुर्द :
सैक्टर-48 का 100 बैड के नए बने अस्पताल को जी.एम.सी.एच.-32 के सुपुर्द कर दिया गया है। जी.एम.सी.एच.- 32 के साइकेट्री, डर्मेटोलॉजी, रेडियोथेरेपी व ई.एन.टी. के चार विभागों के इनडोर बैड अगले चार हफ्ते में यहां शिफ्ट कर दिए जाएंगे। ये वार्ड जल्द ही यहां चालू कर दिए जाएंगे। जी.एम.सी.एच. -32 में फिलहाल जो बैडों की कमी है, इन विभागों को दिए जाने के बाद पूरी हो जाएगी।

सिटको के दो पैट्रोल पंप भी जल्द किए जाएंगे शुरू :
सिटको के मैजिक वॉक रैस्टोरैंट, स्टॉप एन स्टेयर एफ.एंड बी. आऊटलैट व ड्रॉप इन रैस्टोरैंट को लीज पर दिए जाने का काम 100 दिन की एक तय समयसीमा के दौरान पूरा किया जाएगा। फिलहाल वर्तमान मुलाजिमों को नहीं निकाला जाएगा। सिटको के दो पैट्रोल पंप भी जल्द शुरू कर दिए जाएंगे। 
इसकी अलॉटमैंट और कमीशनिंग की प्रक्रिया जल्द शुरू हो जाएगी। 

सिटको की सोशल मीडिया प्रोमोशन के लिए एजैंसी हायर की जाएगी जो सिटको की वैबसाइट को भी अपग्रेड करेगी। टूरिज्म विभाग की ई साइकिल सर्विस जिसे हाल ही में लांच किया गया था को 30 जून 2019 से सिटीजन और टूरिस्टों के लिए नोमिनल चार्ज पर उपलब्ध कराया जाएगा। वल्र्ड म्यूजिक डे और टूरिज्म एक्सपो का जल्द आयोजन किया जाएगा। 

टूरिज्म डिपार्टमैंट की वैबसाइट जल्द होगी शुरू :
टूरिज्म डिपार्टमैंट की वैबसाइट शुरू की जा रही है जिसे टूरिस्ट एक्सैस कर सकेंगे। म्यूजियम की ऑनलाइन बुकिंग, टूरिस्ट डेस्टीनेशंस की वीडियो क्लिप एवं स्टैस्टिकल डाटा भी उपलब्ध रहेगा। 

13 से 15 जून तक थिएटर फैस्टीवल और 12 से 14 जुलाई तक क्लासिकल डांस फैस्टीवल आयोजित किया जाएगा। टैगोर थिएटर की रैनोवेशन व अपग्रेडेशन का काम भी शुरू करा दिया जाएगा। फॉरैस्ट व वाइल्ड लाइफ डिपार्टमैंट भी जल्द सुखना लेक को वैटलैंड घोषित करने के प्रोपोजल को लेकर संस्तुति भेजेगा। स्टेट बोर्ड फार वाइल्ड लाइफ भी जल्द गठित  होगा। 

ग्रीनिंग एक्शन प्लान 2019-20 तैयार :
चंडीगढ़ की ग्रीनिंग का एक्शन प्लान 2019-20 भी तैयार किया जा चुका है जिसके तहत 2.52 लाख नए पौधे मानसून सीजन के दौरान लगाए जाएंगे जिसमें विभिन्न लोगों, एन.जी.ओज इत्यादि को शामिल किया जाएगा। 

सिंगल यूज प्लास्टिक एवं पोलीथीन बैन इन चंडीगढ़ पर गाइडबुक तैयार की जा रही है जिसमें जो जो आइटमें चंडीगढ़ में बैन हैं या जिनकी अनुमति है इसकी बाबत लोगों को जागरूक किया जाएगा। लोगों को प्लास्टिक के दुष्प्रभावों बारे बताया जाएगा। मॉडल कोड आफ कंडक्ट की वजह से नए सोलर पॉवर प्लांट के जो टैंडर लगने थे उन्हें जल्द फाइनेलाइज किया जाएगा। रूफ टॉप सोलर पॉवर सिस्टम में यह पॉवर सोलर प्लांट लगेंगे और 2022 तक 69 मैगावॉट का लक्ष्य रखा गया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Priyanka rana

Recommended News

Related News