ओवरस्पीड कार ने मारी सी.जे.एम. की गाड़ी को टक्कर, आरोपी कार सवार फरार

punjabkesari.in Friday, Jan 31, 2020 - 10:12 AM (IST)

मोहाली(राणा) : फेज-7/8 की लाइट प्वाइंट पर कल देर रात मोहाली की चीफ ज्यूडीशियल मजिस्ट्रेट (सी.जे.एम.) की कार को एक तेज रफ्तार कार ने जोरदार टक्कर मार दी। कार में सी.जे.एम. और उनके पति सवार थे। हादसे का आरोपी कार सवार मौके से फरार हो गया। 

सूचना मिलते ही पी.सी.आर. और थाना पुलिस मौके पर पहुंची। घायल सी.जे.एम. शिखा गोयल को तुरंत अस्पताल में दाखिल करवाया गया। पुलिस ने सी.जे.एम. की शिकायत पर अज्ञात कार चालक के खिलाफ केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

पिता के घर से लौट रही थीं सी.जे.एम. :
मटौर थाना के जांच अधिकारी लखविंदर कुमार ने कहा कि सी.जे.एम. शिखा गोयल के हाथ पर चोट आई है और अस्पताल में उनके हाथ का एक्स-रे लिया गया। पुलिस को दी शिकायत में सी.जे.एम. ने बताया कि वह बुधवार को सैक्टर-63 में अपने माता-पिता के घर गई थी। 

वहां से रात को लौटते समय जब स्टेडियम रोड फेज-7/8 की लाइंट प्वाइंट पर पहुंचीं तो सोहाना की तरफ से आ रही एक कार तेज रफ्तार ने सीधे उनकी गाड़ी में टक्कर मार दी। उसके बाद उन्हें कुछ याद नहीं कि टक्कर मारने वाली कार का नंबर क्या था और उसका रंग कैसा था। उन्हें यह भी नहीं पता कि उस कार में कौन-कौन सवार था। 

एयरबैग खुलने से टला बड़ा हादसा :
सी.जे.एम. की गाड़ी के आगे का हिस्सा काफी क्षतिग्रस्त हो गया। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि आरोपी की गाड़ी की रफ्तार बहुत ज्यादा थी। टक्कर लगने के बाद सी.जे.एम. की कार के एयरबैग खुल गए और बड़ा हादसा टल गया। जिस लाइट प्वाइंट पर एक्सीडैंट हुआ है, उसके पास ही फेज-8 दशहरा ग्राऊंड में कुछ समय पहले सरेआम दो गुटों में गोलियां चली थीं। 

पुलिस विभाग, ग्माडा व नगर निगम ने शहर में सी.सी.टी.वी. कैमरे लगाने की प्लानिंग की थी लेकिन यह प्लानिंग अभी सिरे नहीं चढ़ पाई है। सी.जे.एम. की कार का एक्सीडैंट होने के बाद भी पुलिस ने आसपास के सभी सी.सी.टी.वी. कैमरे खंगाले लेकिन पुलिस के हाथ आरोपी कार चालक का सुराग नहीं लग सका।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Priyanka rana

Recommended News

Related News