आंकड़ों के अनुसार शहर में 615 सूखे पेड़, जल्द शुरू होगा हटाने का काम

Monday, Apr 30, 2018 - 03:51 PM (IST)

चंडीगढ़ (राय): पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय के निर्देशों के बाद चंडीगढ़ प्रशासन ने शहर के विभिन्न स्थानों से खतरनाक हो चुके मृत और शुष्क पेड़ों को हटाने शुरू कर दिए हैं। प्रशासन के आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, शहर में 615 सूखे पेड़ हैं। वर्ष 2013 में एक सूखे पेड़ के गिरने से एक 20 वर्षीय लड़की को 75 प्रतिशत विकलांगता आने के बाद हाईकोर्ट ने इस संबंध में नीति बनाने के निर्देश दिए थे। 

 

खतरनाक पेड़ों को हटाने में देरी न किए जाने के उद्देश्य से प्रशासन ने इसके आदेश देने के अधिकार अब निगमायुक्त और मुख्य संरक्षक व प्रशासन के  मुख्य अभियंता को भी दिए थे। पहले यह अधिकार केवल प्रशासक के सलाहकार के पास साथ था। वन और वन्यजीव विभाग द्वारा तैयार की गई नीति के अनुसार, मृत और शुष्क पेड़ों को हटाने के लिए, दो अधिकारी, एस.डी.ओ. (प्रशासन और निगम) और वन रेंज अधिकारी को  प्रमाणित करना होगा कि संबंधित पेड़  मानव के लिए खतरा बन गया है । 

 

जल्द काम पूरा होने का दिया आश्वासन
आंकड़ों के अनुसार 615 पेड़ हैं जो या तो सूख चुके हैं या जीवन के लिए खतरा हैं। उत्तर मार्ग, जन मार्ग और मध्य मार्ग पर 88 ऐसे पेड़ हैं, जबकि 49 मृत और खतरनाक पेड़ दक्षिण मार्ग और सैक्टर-25 में हैं। दूसरी ओर निगम के सर्वे के अनुसार उसके क्षेत्र में करीब 262 ऐसे सूखे पेड़ हैं जो सार्वजनिक स्थानों पर हैं और लोगों के लिए खतरा बने हैं। इनमें से सबसे अधिक खतरनाक हो चुके पेड़ सैक्टर-37 में हैं। शहर में कुल 1,65,597 वृक्ष हैं। प्रशासन ने अदालत को आश्वासन दिया है कि मृत पेड़ों को हटाने में कोई देरी नहीं की जाएगी। 


 

Punjab Kesari

Advertising