दो कारों में टक्कर, डॉक्टर-ड्राइवर को पीटा, पुलिसकर्मियों पर भी किया पथराव

Thursday, Aug 01, 2019 - 09:08 AM (IST)

पंचकूला(चंदन) : मंगलवार देर रात माजरी चौक पर इनोवा ने क्रेटा गाड़ी को टक्कर मार दी। इनोवा चालक ने अपने साथियों के साथ मिलकर क्रेटा के ड्राइवर और उसमें सवार डॉक्टर को बुरी तरह से पीट डाला। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे पी.सी.आर. कर्मियों पर भी आरोपियों ने पत्थर बरसाए। 

दो पुलिस कर्मियों को चोटें आई हैं। पुलिस ने दो आरोपियों को दबोच लिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों कमल सिंह और आशीष को कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया। इसके साथ ही दो अन्य आरोपियों ने भी सरैंडर कर दिया। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया। 

फोन कर बुला लिए कई युवक, डंंडे निकाल पीटा :
जानकारी के अनुसार गांव बिटना सियुड़ी निवासी रोहित ने सैक्टर-5 थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया है कि वह पिंजौर स्थित साधना अस्पताल में ड्राइवर की नौकरी करता है। मंगलवार रात को वह डॉ. विजय के साथ उनके मेहमान को छोडऩे के लिए सैक्टर-20 पंचकूला गया था। 

जब रात साढ़े 12 बजे रोहित डॉ. विजय के साथ वापस पिंजौर की तरफ जा रहे थे तो माजरी चौक पुल के नीचे बरवाला की तरफ से आई एक तेज रफ्तार इनोवा ने उनकी गाड़ी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद इनोवा चालक कमल सिंह अपने अन्य साथियों के साथ कार से निकला और रोहित और डॉ. विजय पर हमला कर दिया। रोहित और डॉ. विजय को काफी चोटें आईं। आरोपी ने फोन करके 5-6 लड़कों को बुला लिया। 

आरोपियों ने अपनी गाड़ी से डंडे निकालकर क्रेटा गाड़ी को बुरी तरह से क्षतिग्रस्त कर दिया और डंडों से उनकी पिटाई भी कर दी। इसी दौरान विजय ने फोन करके अपने रिश्तेदार कमल अवस्थी को बुलाया। सूचना पाकर वे अपनी पत्नी नीलम अवस्थी के साथ जोकि एच.एस.एस.सी हरियाणा की मैंबर हैं, सरकारी गाड़ी मेंं ड्राइवर गौरव के साथ पहुंचे।

मौके पर बुलाना पड़ा भारी पुलिस बल :
सूचना पाकर पुलिस की पी.सी.आर. गाड़ी भी मौके पर पहुंची। आरोपियोंं ने पुलिस और सरकारी गाड़ी पर पथराव कर दिया और डंडों से सरकारी गाड़ी को तोड़ डाला। आरोपियों ने पुलिस वालों पर पत्थर  बरसाने शुरू कर दिए। एक ने रोहित का पर्स भी छीन लिया। पथराव में पी.सी.आर. मेंं तैनात पुलिस कर्मी मांगेराम व ड्राइवर हरपाल को चोटें आई हैं। 

पुलिसकर्मियों पर पथराव के  बाद मौके पर भारी पुलिस बल को बुलाना पड़ा। पुलिस ने मौके से कार चालक कमल सिंह व एक अन्य युवक को गिरफ्तार कर लिया। दोनों ही खडग़ मंगौली निवासी हैं। अन्य लड़के भागने में कामयाब हो गए। पुलिस ने रोहित की शिकायत पर कमल सिंह, मनीष, रजत व अन्य अज्ञात युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त तीनों गाडिय़ों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

Priyanka rana

Advertising