सड़क हादसे में ऑल्टो कार सवार दो दोस्तों की मौत, 3 घायल

punjabkesari.in Monday, Mar 25, 2019 - 09:22 AM (IST)

जीरकपुर(स.ह./मेशी) : जीरकपुर-पटियाला सड़क पर रविवार सुबह सड़क हादसे में ऑल्टो कार सवार दो दोस्तों की मौत हो गई, जबकि उनके तीन दोस्त घायल हो गए। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर घायलों को सिविल अस्पताल डेराबस्सी में दाखिल करवाया था, जहां उन्हें प्राथमिक इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई। 

पुलिस ने घायलों के बयान पर हादसे के आरोपी ट्रैक्टर ट्राली चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। घायल गुरप्यार सिंह उर्फ गुरी (22) निवासी गांव कुलरियां थाना बरेटा जिला मानसा ने बताया कि वह खालसा कालेज पटियाला से बी.ए. फाइनल कर रहा है। 

23 मार्च को उसका दोस्त गुरप्रीत सिंह निवासी गांव बंगा, इंसप्रीत सिंह निवासी मूनक, मनप्रीत सिंह निवासी गांव बाहमनी वाला और सतनाम सिंह उर्फ लाडी निवासी नंगला उसे मिलने आए थे। उसके दोस्त मनप्रीत सिंह उर्फ मनी को सुबह चंडीगढ़ अपने एक रिश्तेदार को मिलने जाना था। 

बीती रात वह उसके पास ही रुक गए थे। सुबह उठकर करीब सवा पांच बजे वे पटियाला से दोस्तों के कहने पर उनके साथ चंडीगढ़ की ओर चल पड़े। कार को मनप्रीत उर्फ मनी चला रहा था और वह चालक के साथ वाली सीट पर बैठा था, जबकि बाकी तीनों दोस्त पिछली सीट पर थे। 

राहगीरों ने बड़ी मशक्कत के बाद घायलों को निकाला :
गांव छत्त के पास ऑल्टो के आगे जा रही एक कच्ची ईंटों से भरी ट्रैक्टर ट्राली के चालक ने अचानक ब्रेक मार दी। कार चालक से कार काबू नहीं हुई और उनकी कार ट्रैक्टर ट्राली के पीछे घुस गई। राहगीरों ने बड़ी मशक्कत से सभी को गाड़ी से निकलकर सिविल अस्पताल डेराबस्सी में दाखिल करवाया, जहां डाक्टरों ने कार चालक मनप्रीत सिंह उर्फ मनी और सतनाम सिंह उर्फ लाडी को मृत बताया।

तीन बहनों का इकलौता भाई था :
पुलिस ने बताया कि मृतक मनप्रीत सिंह मनी पी.जी.डी.सी.ए. कर रहा था और मां-बाप का अकेला लड़का था, उसकी तीन बहनें हैं। सतनाम सिंह भी मां-बाप का अकेला लड़का था, वह खेती करता था, उसकी एक बहन है। हादसे के बाद आरोपी ट्रैक्टर ट्राली चालक मौके पर वाहन छोड़ कर फरार हो गया। पुलिस ने ट्रैक्टर ट्राली को कब्जे में लेकर आरोपी अज्ञात चालक खिलाफ केस दर्ज कर उसकी खोज शुरू कर दी है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Priyanka rana

Recommended News

Related News