मारपीट का नाटक कर उड़ाया कड़ा और फरार हुई महिलाएं

Wednesday, Jun 03, 2020 - 12:24 PM (IST)

चंडीगढ़ (सुशील) : जीरकपुर से कार में चंडीगढ़ आ रही सी.बी.आई. की सीनियर प्राइवेट सैक्रेटरी के हाथ से आई.टी.बी.पी. कैंपस के पास कड़ा काटकर कार सवार गिरोह फरार हो गया। वारदात को अंजाम दो महिलाओं ने चलती कार में आपस में झगड़ा करने के दौरान दिया।

गाड़ी से नीचे उतरकर हाथ से कड़ा गायब देख वी शारदा ने मामले की शिकायत पुलिस को दी। सैक्टर-31 थाना पुलिस ने दो महिलाओं और कार चालक पर मामला दर्ज करलिया। पुलिस आरोपियों को पकड़ने के लिए लाइट प्वाइंट पर लगे सी.सी.टी.वी. कैमरे खंगाल रही है।

मारपीट का नाटक किया और कड़ा उड़ा लिया :
जीरकपुर निवासी वी शारदा ने बताया कि सोमवार को उन्हें चंडीगढ़ आना था और वह ऑटो का इंतजार कर रही थी तो एक कार आकर रुकी। चालक ने उसे चंडीगढ़ जाने के बारे में पूछा। गाड़ी में कंडक्टर साइड वाली सीट पर एक महिला और दूसरी महिला पीछे सीट पर बैठी थी। वह पीछे वाली बैठ गई। 

जब गाड़ी एयरपोर्ट लाइट प्वाइंट के पास पहुंची तो दोनों महिलाएं आपस में मारपीट करने लगी। उन्होंने चालक को गाड़ी रोकने को कहा। आई.टी.बी.पी. कैंपस के पास गाड़ी रूकने पर वह उतर गई। कार चालक गाड़ी को चंडीगढ़ की तरफ ले गया। जब उन्होंने अपना हाथ देखा तो एक कड़ा गायब था। उन्होंने मामले की सूचना पुलिस को दी।

Priyanka rana

Advertising