PGI में मरीज के हाथ के कंगन काटे, एक महिला गिरफ्तार, दो फरार

Tuesday, Feb 25, 2020 - 11:39 AM (IST)

चंडीगढ़(सुशील) : जम्मू से पी.जी.आई. में चैकअप करवाने के बाद ऑटो में बैठ रही महिला के हाथ से तीन महिलाओं ने सोने की कंगन काट दिए। महिला के हाथ में कटर लगा तो कंगन काटने वाली एक महिला को दबोच लिया, जबकि गिरोह की दो महिलाएं मौके से फरार हो गई। 

जम्मू निवासी सुनीता अरोड़ा ने मामले की शिकायत पुलिस को दी। पी.जी.आई. चौकी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर महिला को हिरासत में लिया। सुनीता अरोड़ा के दोनों हाथों के कंगन कटे हुए थे। सैक्टर-11 थाना पुलिस ने सुनीता अरोड़ा की शिकायत पर पटियाला निवासी जीतो पर मामला दर्ज कर लिया। पुलिस फरार महिलाओं की तलाश कर रही है। 

हाथ से खून बहने लगा तो आरोपी को पकड़ा :
जम्मू निवासी सुनीता अरोड़ा ने बताया कि उनका पी.जी.आई. में लीवर का इलाज चल रहा है। सोमवार वह चैकअप करवाने पी.जी.आई. की ओ.पी.डी. मेें आई थी। चैकअप करवाने के बाद पी.जी.आई. से निकलकर पंचकूला स्थित सैक्टर-17 निवासी बहन के घर जाना था। उन्होंने पी.जी.आई. के बाहर खड़े ऑटो में बैठने लगी। इतने में एक महिला ऑटो में चढऩे लगी तो पीछे से दो महिलाएं धक्का मारने लगी।

इस दौरान उनके हाथ में नुकीली चीज चुभी तो सुनीता अरोड़ा ने हाथ की तरफ देखा। उसके हाथ से खून बह रहा था। अचानक उनका ध्यान सोने के कंगन पर गया तो दोनों हाथों के कंगन कटे हुए थे। अरोड़ा ने शोर मचाया और ऑटो में बैठी महिला को पकड़ लिया। 

जबकि ऑटो के बाहर खड़ी दो महिलाएं फरार हो गई। पी.जी.आई. चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और कंगन काटने वाली महिला को दबोच लिया। तलाशी के दौरान महिला से कटर भी बरामद हुआ। सैक्टर-11 थाना पुलिस पकड़ी गई महिला जीतो पर फरार गिरोह की दो महिलाओं के बारे मेंं पूछताछ कर रही है। 
 

Priyanka rana

Advertising