ट्राईसिटी में 2507 नए केस,6 की मौत,

Monday, Jan 24, 2022 - 12:07 PM (IST)

चंडीगढ़, (पाल): ट्राईसिटी में रविवार को 6 कोरोना मरीजों की मौत हुई। वहीं, 2507 नए केस कन्फर्म हुए हैं। चंडीगढ़ में दो कोविड मरीजों की मौत के साथ ही 808 नए केस आए हैं। इनमें 412 पुरुष और 396 महिलाएं हैं। इसके साथ ही 1356 मरीज ठीक होकर डिस्चार्ज भी हुए। एक्टिव केस अब 8064 हो गए हैं। पाजिटिविटी रेट 14.01 प्रतिशत रहा। शहर में एक हफ्ते से औसतन 1152 केस आ रहे हैं। इस बार भी सबसे ज्यादा 64 केस मनीमाजरा से कन्फर्म हुए। 24 घंट में स्वास्थ्य विभाग 5768 सैम्पल ले चुका है।

 


शहर के दोनों मृतकों को नहीं लगी थी कोई भी डोज 
पिछले 8 दिनों से शहर में रोजाना कोविड मरीजों की मौत हो रही है। रविवार को भी दो कोविड मरीजों की मौत हुई, जिनमें एक 69 वर्षीय महिला और 91 वर्षीय पुरुष है। 45 की रहने वाली 69 वर्षीय महिला ने वैक्सीन नहीं लगवाई हुई थी। ग्रेशियन हॉस्पिटल में उसकी मौत हुई। कोविड के साथ ही किडनी की बीमारी, हाइपरटैंशन भी था। वहीं, खुड्डा अलीशेर के रहने वाले 91 वर्षीय पॉजिटिव पुरुष की मौत भी विभाग ने कन्फर्म की। जी.एम.एस.एच. में मरीज की मौत हुई। उसे भी वैक्सीन की कोई भी डोज नहीं लगी हुई थी। इसके बाद शहर में कोविड मरीजों की मरने की संख्या अब 1102  तक पहुंच गई है।

 


कोविड नियमों को अनदेखा न करें
कोविड नियमों को बिल्कुल भी अनदेखा न करें। मास्क, सोशल डिस्टैंसिंग और भीड़-भाड़ में जाने से बचें। सबसे जरूरी है कोविड वैक्सीनेशन। जिन्होंने वैक्सीन नहीं ली है वह जल्द दोनों डोज लगवा लें जिससे हम इसकी गंभीरता से बच सकते हैं। किसी भी तरह के सिम्टम्स आने पर और किसी पॉजिटिव मरीज के कॉन्टैक्ट में आने पर अपना कोविड टैस्ट जरूर करवाएं।

 

 

पंचकूला में 615 कोरोना पॉजिटिव, महिला की मौत
पंचकूला जिला में 615 नए केस कन्फर्म हुए जबकि एक पॉजिटिव महिला की मौत हुई है। स्वास्थ्य विभाग ने शनिवार को 1708 लोगों के  सैंपल लिए थे। मृतक महिला सैक्टर-7 की रहने वाली थी। अब तक एक्टिव मरीजों की संख्या 2493 तक पहुंच गई है। वहीं, अब तक कुल 53616 केस सामने आए हैं। वहीं, 2470 मरीज होम इसोलेशन जबकि 23 मरीज अस्पताल में भर्ती हैं। 

 


एस.ए.एस. नगर जिला में 1084 पॉजिटिव, 3 की मौत
एस.ए.एस. नगर जिला में रविवार को 1084 पॉजिटिव केस कन्फर्म हुए जबकि तीन कोरोना मरीजों की मौत हुई। वहीं, 1827 ठीक होकर डिस्चार्ज हुए हैं। सबसे ज्यादा 469 केस मोहाली से आए हैं। ढकोली से 246, खरड़ से 181, डेराबस्सी से 79, घड़ुआं से 53, बूथगढ़ से 30, बनूड़ से 13, लालड़ू से 10 और कुराली से 3 केस आए हैं।

 


प्रशासन ने 20 माइक्रो-कंटेनमैंट जोन बनाए
यू.टी. प्रशासन ने रविवार को 20 नए माइक्रोकंटेनमैंट जोन बनाने की घोषणा की है। ये सैक्टर-19, 20, 21, 32, 34, 36, 37, 40, 44, 45, 49, 50, 51, 56 और मनीमाजरा समेत अन्य सेक्टरों के घरों में बनाए गए हैं। डी.सी. की तरफ से जारी आदेश के अनुसार इन इलाकों में अनिवार्य सेवाओं में लगे लोगों को छोड़ अन्य किसी के भी जाने पर पाबंदी रहेगी। इसके अलावा लोगों की स्क्रीनिंग भी की जाएगी। बता दें कि प्रशासन केस दोबारा बढऩे पर कंटेनमैंट जोन बना रहा है।

Ajay Chandigarh

Advertising