पार्किंग पॉलिसी के लिए पहुंचे 65 सुझाव, जल्द होगी मीटिंग

Tuesday, Jan 16, 2018 - 11:30 AM (IST)

चंडीगढ़ (विजय) : प्रशासन के डिपार्टमैंट ऑफ अर्बन प्लानिंग के पास शहरभर से ड्राफ्ट पार्किंग पॉलिसी के लिए सुझाव और ऑब्जैक्शन पहुंच चुके हैं। सोमवार को सुझाव भेजने का आखिरी दिन था। डिपार्टमैंट ऑफ अर्बन प्लानिंग के अलावा कुछ सुझाव नगर निगम के पास भी आए हैं, जिन्हें नगर निगम ने डिपार्टमैंट को भेज दिया है। जानकारी के अनुसार प्रशासन के पास सोमवार शाम तक कुल 65 सुझाव/ऑब्जैक्शन पहुंच चुकी थे। अधिकारियों के अनुसार इन सभी को कम्पाइल किया जाएगा। चाहे वह कोई एसोसिएशन हो या व्यक्तिगत तौर पर भेजा गया सुझाव सभी को एक-एक कर जांचा जाएगा। जिन सुझावों की वजह से लोगों की रूटीन लाइफ अधिक प्रभावित होगी पहले उन पर फैसला लिया जाएगा। इस मामले में जल्द प्रशासन और निगम के अधिकारियों की मीटिंग होने जा रही है। 

 

पब्लिक ट्रांसपोर्टेशन के ऑप्शन आएंगे
लोगों द्वारा सबसे अधिक शहर में पब्लिक ट्रांसपोर्ट मजबूत बनाने के सुझाव दिए हैं। इसमें सड़कों पर कम से कम प्राइवेट व्हीकल्स नजर आएं। अधिकारियों के अनुसार इन सुझावों में पब्लिक ट्रांसपोर्ट को लेकर भी कईं ऑप्शन सुझाए गए हैं। जिन पर आने वाले मीटिंग में चर्चा हो सकती है। 

 

रोड टैक्स बढ़ाने के प्रस्ताव पर लग सकती है ब्रेक
पार्किंग पॉलिसी में सबसे ज्यादा विवादित रोड टैक्स बढ़ाने के प्रस्ताव को ग्रीन सिग्नल न मिलने से पूरी संभावना जताई जा रही है। दरअसल यह ऐसा प्रस्ताव है जिस पर सबसे अधिक ऑब्जैक्शन लगाए गए हैं। चैंबर ऑफ चंडीगढ़ इंडस्ट्रीज और सैक्टर-17 की ट्रेडर्स एसोसिएशन सहित शहर के रैजिडैंट्स भी ड्राफ्ट पार्किंग पॉलिसी के उस प्रस्तावित नियम के खिलाफ हैं जिसमें दूसरी कार खरीदने पर रोड टैक्स व्हीकल की कीमत का आधा वसूल किया जाएगा। लोगों का कहना है कि किसी चीज को रोकने में पैसा कोई बाधा नहीं बन सकता है। व्हीकल्स पर अधिक टैक्स लगाने से रैजिडेंट्स दूसरा व्हीकल मोहाली या पंचकूला के एड्रैस पर रजिस्टर्ड करवाएंगे, जिससे चंडीगढ़ के रैवेन्यू का घाटा होगा। 


 

Advertising