60 साल से ज्यादा के 493 और बीमारी से पीड़ित 45 साल से अधिक उम्र के 63 लोगों ने ली वैक्सीन

Tuesday, Mar 02, 2021 - 07:22 PM (IST)

चंडीगढ़, (पाल): हैल्थ केयर और फ्रंटलाइन वर्कर्स के बाद सोमवार से शहर में  कोविड वैक्सीन का दूसरा फेज भी शुरू हो गया। 60 साल से अधिक उम्र के लोगों और पहले से किसी बीमारी से पीड़ित 45 साल से अधिक उम्र के लोगों को वैक्सीन दी गई। पहले दिन 555 लोगों को कोविशील्ड की पहली डोज मिली। शहर के 18 हॉस्पिटल में यह ड्राइव हुई, जिसमें 5 प्राइवेट हॉस्पिटल भी शामिल रहे।

 

सुबह 9 बजे से सैंटर्स पर पहुंचकर बुजुर्गों ने अपने पहचान पत्र दिखा कर रजिस्ट्रेशन करवाया और उसके बाद डोज लेने के लिए लाइन में लग गए। शहर में सबसे पहले गवर्नर वी.पी. सिंह बदनौर ने वैक्सीन ली। साथ ही लेडी गवर्नर ने भी वैक्सीन लगवाई। सैक्टर-7 की डिस्पैंसरी में उन्होंने वैक्सीन ली। इसके बाद उन्होंने सभी योग्य लोगों से आग्रह किया कि वे वैक्सीन लगवाने के लिए आगे आएं। बदनौर ने कहा कि सभी वरिष्ठ नागरिकों को टीका लगवाने के लिए खुद आगे आना चाहिए ताकि चंडीगढ़ समेत पूरा देश कोरोना वायरस मुक्त हो सके। प्रशासन ने जानकारी दी कि उन्हें कोवीशील्ड का टीका लगाया गया है।


इन्होंने ने भी ली वैक्सीन
पूर्व डी.जी.पी. पंजाब एन.पी.एस. औलख, पूर्व डी.जी.पी. यू.पी. हरमोल सिंह गिल, पूर्व डी.जी.पी. राजस्थान अमरजोत सिंह गिल, पूर्व डी.जी.पी. पंजाब पी.सी. डोगरा, पूर्व चीफ सैक्रेटरी पंजाब सर्वेश कौशल, फॉर्मर होम सैक्रेटरी यू.टी. चंडीगढ़ कृष्ण मोहन, पूर्व डी.पी.आई. (कॉलेज) पंजाब रूप औलख ने भी वैक्सीन की पहली डोज ली। डा. आर.सी. सोबती ने भी डोज वैक्सीन ली।


कल से 9 प्राइवेट हॉस्पिटल में होगा वैक्सीनेशन
पहले दिन को देखते हुए वैक्सीन लगवाने वालों की संख्या ज्यादा थी। हैल्थ डिपार्टमैंट अभी तक शहर के सरकारी हॉस्पिटल के साथ-साथ 5 प्राइवेट हॉस्पिटल में भी वैक्सीन की सुविधा दी थी लेकिन पहले दिन की सक्सैस रेट को देखते हुए इसका नंबर 9 कर दिया गया है।    


अच्छा गया पहला दिन
हैल्थ डायरैक्टर डॉ. अमनदीप कंग ने बताया की पहले दिन उम्मीद से अच्छा गया है। आने वाले दिनों में वैक्सीन लेने वालों की संख्या और बढ़ेगी। लोगों को रजिस्ट्रेशन करवाने में करीब एक से दो घंटे का समय लगा। इस पर डायरैक्टर का कहना है कि वैक्सीनेशन का पहला दिन होने के कारण काफी संख्या में रजिस्ट्रेशन हो रहे हैं, इसलिए पोर्टल थोड़ा धीमा चल रहा है।
256 लोगों ने प्राइवेट हॉस्पिटल में ली वैक्सीन
 555 लोगों में से 256 लोगों ने शहर के 5 प्राइवेट हॉस्पिटल में वैक्सीन लगवाई। सरकारी अस्पतालों में वैक्सीन डोज फ्री में दी जा रही है जबकि प्राइवेट अस्पतालों में डोज देने के एवज में 250 रुपए चार्ज किए जा रहे हैं। इसमें प्राइवेट अस्पताल को 100 रुपए और बाकी सरकार के खाते में जाएंगे।

जी.एम.एस.एच. के डिप्टी मैडिकल सुपरिंटैंडैंट डॉ. परमजीत सिंह ने बताया कि पहला दिन काफी ठीक रहा। प्राइवेट हॉस्पिटल में शुरूआत में पोर्टल को लेकर थोड़ी दिक्कत हुई थी लेकिन दोपहर तक रजिस्ट्रेशन काफी अच्छा रहा। इसी को देखते हुए। इंडस्ट्रीयल एरिया फेज वन में ईडन क्रिटिकल केयर हॉस्पिटल, सैक्टर-19 केयर पार्टनर हार्ट सैंटर, सैक्टर-34 मुकुट हॉस्पिटल एंड हार्ट इंस्टीच्यूट, सैक्टर-8 चंडीगढ़ सिटी हॉस्पिटल को भी शामिल किया गया है।
1721 लोगों ने ली वैक्सीन
सोमवार को शहर में कुल 1721 लोगों ने वैक्सीन ली। इनमें 147 हैल्थ केयर वर्कर्स ने पहली डोज लगवाई जबकि 187 ने वैक्सीन की दूसरी डोज ली। 831 फ्रंटलाइन वर्करों ने वैक्सीन ली। 60 साल से ऊपर के 493 लोगों ने वैक्सीन लगवाई। वहीं, 45 से 60 साल के (कोमोर्बिटी) वाले लोगों की संख्या 63 रही।


90 साल के ओमप्रकाश ने ली वैक्सीन
सबसे उम्रदराज के 90 साल के ओमप्रकाश ने भी वैक्सीन ली। ऑन साइट आकर रजिस्ट्रेशन करवाया। उन्होंने कहा कि वैक्सीन लेकर अच्छा महसूस कर रहा हूं। कोविड को मात देने का यही एक तरीका है। सबको वैक्सीन लेकर सेफ होना चाहिए। 

AJIT DHANKHAR

Advertising