बजट 2023-24 : चंडीगढ़ की झोली में आए 6087.10 करोड़ रुपए, 7000 करोड़ की थी डिमांड
punjabkesari.in Wednesday, Feb 01, 2023 - 06:28 PM (IST)

चंडीगढ़,(राजिंद्र शर्मा)।केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बुधवार को मोदी सरकार के दूसरे कार्यकाल का आखिरी बजट जारी कर दिया। चंडीगढ़ को भी इस बजट से काफी उम्मीदें थी, लेकिन केंद्र ने इस बार भी यूटी प्रशासन की डिमांड पूरी नहीं की है। प्रशासन ने वर्ष 2023-24 के लिए बजट में 7000 करोड़ रुपए की डिमांड की थी, लेकिन उसे 6087.10 करोड़ बजट मिला है। इसमें रेवन्यू हैड में 5365.07 करोड़ और कैपिटल हैड में 722.03 करोड़ रुपए मिले हैं। इस तरह प्रशासन को पिछली बार से 13.08 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 704.31करोड़ रुपए अधिक मिले हैं।
वर्ष 2022-23 के लिए प्रशासन को 5382.79 करोड़ रुपए बजट मिला था, जिसमें रेवन्यू हैड में 4843.46 करोड़ और कैपिटल हैड में 539.33 करोड़ रुपए मिले थे। इसी तरह अलग-अलग सेक्टर में बजट में कुछ बढ़ोत्तरी हुई है, वहीं कुछ सेक्टर में कमी भी आई है।
पुलिस विभाग के लिए 743.40 करोड़ रुपए होंगे, जबकि पिछली बार 640.67 करोड़ रुपए के करीब थे। इसी तरह एजुकेशन के लिए इस बार भारी बढ़ोत्तरी के साथ 1102.25 करोड़ रुपए दिए गए हैं, जबकि पिछली बार 882.74 करोड़ रुपए थे। जिसमें नए स्कूलों के निर्माण करने के साथ ही पुराने स्कूलों में इंफ्रास्ट्रक्चर मजबूत करने के अलावा उनको अपग्रेड करने का काम भी शामिल है। हाल ही में प्रशासन ने कुछ स्कूलों का निर्माण पूरा कर लिया है, जबकि इस बार भी कुछ नए स्कूलों का निर्माण किया जाएगा। इसी तरह ट्रांसपोर्ट के लिए भी करीब 100 करोड़ की बढ़ोत्तरी के साथ 400.68 करोड़ रुपए मिले हैं। पिछली बार इस विभाग के लिए 301.75 करोड़ मिले थे। इसी तरह एनर्जी के लिए 963.30 करोड़ रखे गए हैं, जबकि पिछली बार इसके लिए 1031.23 करोड़ रुपए थे। हाउसिंग एंड अर्बन डेवलपमेंट के लिए बजट में मामूली बढ़ोत्तरी हुई है, जिसके लिए 844.97 करोड़ रुपए रखे गए हैं। जबकि पिछली बार 838.59 करोड़ रुपए रखे गए थे।