MC ऑफिस में CBI की 5 घंटे सर्च, कब्जे में लिया रिकॉर्ड

Saturday, Aug 31, 2019 - 08:33 AM (IST)

चंडीगढ़(संदीप) : शहर के विभिन्न कम्युनिटी सैंटरों में वर्ष 2016 से लेकर 2018 तक तैयार किए गए जिम में लगाई मशीनों का पूरा ब्यौरा खंगालने के लिए शुक्रवार को सी.बी.आई. की टीम सैक्टर-17 स्थित निगम कार्यलय पहुंची। शुक्रवार सुबह निगम कार्यालय में सदन की बैठक में प्रशासक वी.पी. बदनौर के पहुंचने से पहले ही सी.बी.आई. टीम कार्यालय पहुंची और अपनी कारवाई शुरू कर दी। विजीलैंस टीम भी साथ मौजूद रही।

निगम अधिकारियों के अनुसार सी.बी.आई. को जिम में लगाए जिम उपकरणों के लिए एक विशेष फर्म की फेवर किए जाने से संबंधित शिकायत मिली है। टीम ने इस दौरान कई घंटों तक कार्यालय में इंजीनियरिंग विंग के अधिकारियों और कर्मचारियों से पूछताछ की और मशीनों से संबंधित रिकार्ड को भी कब्जे में लिया है। 

दोपहर से शाम तक चली सर्च :
शुक्रवार दोपहर को 12.30 बजे  सी.बी.आई. टीम निगम कार्यालय पहुंची। सी.बी.आई. का सर्च अभियान कार्यालय में करीब 5 घंटे तक जारी रहा। टीम ने उन सभी कम्पनियों की लिस्ट भी तैयार की, जिनसे निगम ने उस समय जिम में लगाई जाने वाली मशीनें खरीदी थी। किस कम्पनी ने किस मशीन का क्या दाम लगाया था। निगम ने किस कम्पनी से कितने दाम में जिम मशीनें खरीदी थी। ऐसी सभी जानकारियां सर्च अभियान के दौरान जुटाई गई। 

सर्च अभियान के दौरान टीम ने निगम के इंजीनियरिंग विंग में तैनात अधिकारियों और कर्मियों से भी इस विषय में पूछताछ करते हुए कई जरूरी फाइलों को कब्जे में लिया है। सूत्रों की मानें तो सी.बी.आई. को शिकायत मिली थी कि कम्युनिटी सैंटरों में जो जिम मशीनें लगाई गई हैं, वह दोगुने रेट के हैं। इसके अलावा कम्युनिटी सैंटरों में जिम लगाने के लिए अलग-अलग ठेकेदार को टैंडर दिए गए थे, लेकिन इन सभी ठेकेदारों ने एक ही कंपनी के जिम लगाए हैं।

Priyanka rana

Advertising