सर्दी की पहली बारिश से ठंडा हुआ शहर, आज भी बारिश की संभावना

Tuesday, Dec 12, 2017 - 12:09 AM (IST)

चंडीगढ़, (रश्मि रोहिला):  सर्दी के मौसम की पहली बारिश से सोमवार को शहर का तापमान 5 डिग्री सैल्सियस लुढ़क गया। रविवार को तापमान 26.7 डिग्री था जो  सोमवार को 21.6 डिग्री सैल्सियस दर्ज किया गया।

 मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को भी हल्की-फुल्की  बूंदाबांदी हो सकती है, लेकिन शाम तक मौसम साफ हो जाएगा। हालांकि इसके बाद कोहरा भी शहर को आगोश में ले सकता है। वैस्टर्न डिस्टर्बेंस के सक्रिय होने से मौसम विभाग ने पहले ही बताया दिया था कि सोमवार व मंगलवार को हलकी बारिश होगी।

 वहीं न्यूनतम तापमान पहले के मुकाबले बढ़ा है जो सामान्य के मुकाबले 5 डिग्री ज्यादा है। सोमवार सुबह से आसमान में बादल छा गए थे। उसके बाद बूंदाबांदी शुरू हुई। चंडीगढ़ मौसम विभाग ने चंडीगढ़ एयरपोर्ट व शहरी इलाकों में 1 एम.एम. बारिश दर्ज की।

मौसम का हाल

सोमवार को शहर का न्यूनतम तापमान 11.6 डिग्री सैल्सियस रहा। चंडीगढ़ एयरफोर्स स्टेशन का अधिकतम तापमान 23.9 डिग्री सैल्सियस जबकि न्यूनतम तापमान 11.3 डिग्री दर्ज किया गया। चंडीगढ़ में 0.5 एम.एम बारिश दर्ज की गई, जबकि चंडीगढ़ एयरपोर्ट पर 1 एम.एम बारिश दर्ज की गई।

Advertising