सी.एम. विंडो व ट्विटर हैंडल पर लोगों का दिन-प्रतिदिन बढ़ता जा रहा है विश्वास

punjabkesari.in Tuesday, May 10, 2022 - 08:25 PM (IST)

चंडीगढ़,(बंसल): आमजन की व्यक्तिगत व सार्वजनिक शिकायतें तथा सुझाव सीधे मुख्यमंत्री कार्यालय तक पहुंचाने के लिए हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल द्वारा शुरू की गई सी.एम. विंडो व उनका ट्विटर हैंडल लोगों को खूब रास आ रहा है। ट्विटर के अलावा प्रतिदिन 424 शिकायतें अप्रैल, 2022 में सी.एम. विंडो पर प्राप्त हुई हैं। चंडीगढ़ मुख्यालय से सी.एम. विंडो की निगरानी कर रहे मुख्यमंत्री के ओ.एस.डी. भूपेश्वर दयाल के अनुसार सुशासन दिवस के अवसर पर वर्ष 2014 में मुख्यमंत्री ने जनसाधारण की सुविधा व उनकी समस्या के त्वरित निपटान के लिए सी.एम. विंडो की व्यवस्था का शुभारंभ किया था। अब तक 9,59,156 शिकायतें इस व्यवस्था पर प्राप्त हुई हैं, जिनमें से 8,85,840 शिकायतों का निपटान किया जा चुका है।

 

उन्होंने बताया कि अप्रैल, 2022 में 12,708 शिकायतें प्राप्त हुई हैं और इनका त्वरित निपटान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देश हैं कि जो अधिकारी सी.एम. विंडो पर आई शिकायतों के त्वरित निपटान में गंभीरता से कार्य न करे उनके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए। भूपेश्वर दयाल ने बताया कि हाल ही में इसी कड़ी में फरीदाबाद की समाज कल्याण अधिकारी को फर्जी सामाजिक सुरक्षा पैंशन बनाकर सरकारी धनराशि के गबन के आरोप में निलंबित कर उसके विरुद्ध आपराधिक मामला दर्ज किया गया। 

 


ओ.एस.डी. के अनुसार सी.एम. विंडो पर अप्रैल माह में ही 12,708 शिकायतें प्राप्त हुई जिनमें जिला हिसार अग्रणी रहा, जहां से सर्वाधिक 911 शिकायतें प्राप्त हुई। इसी प्रकार, सिरसा से 765 शिकायतें, कैथल से 733 शिकायतें, फरीदाबाद व पानीपत से 710-710 शिकायतें, रोहतक व गुरुग्राम से 699-699 शिकायतें, भिवानी से 689 शिकायतें प्राप्त हुई। अन्य जिलों में जींद से 577 शिकायतें, महेंद्रगढ़ से 569 शिकायतें, यमुनानगर से 567 शिकायतें, करनाल से 543 शिकायतें, पलवल से 525 शिकायतें, सोनीपत से 512 शिकायतें, झज्जर से 504 शिकायतें, कुरुक्षेत्र से 494 शिकायतें, रेवाड़ी से 452 शिकायतें, नूंह से 434 शिकायतें, फतेहाबाद से 410 शिकायतें, अम्बाला से 317 शिकायतें, पंचकूला से 284 शिकायतें, चरखी दादरी से 225 शिकायतें आई हैं जबकि चंडीगढ़ से भी 389 शिकायतें प्राप्त हुई हैं। ओ.एस.डी. के अनुसार लोग अब सीधे मुख्यमंत्री आवास चंडीगढ़ व हरियाणा सिविल सचिवालय में मुख्यमंत्री के कार्यालय व मंत्रियों के कार्यालयों, जिला लघु सचिवालयों में उपायुक्त कार्यालय, उप-मंडल कार्यालय में एस.डी.एम. ऑफिस में स्थापित सी.एम. विंडो काऊंटर में से किसी भी स्थान पर अपनी शिकायत भेज सकते हैं। 
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Ajay Chandigarh

Recommended News

Related News