इंडस्ट्रीयल एरिया की रोड को चौड़ा करने के लिए 39 पेड़ काटे जाएंगे

Monday, Jan 18, 2021 - 09:58 PM (IST)

चंडीगढ़,(राजिंद्र शर्मा): इंडस्ट्रीयल एरिया की रोड को चौड़ा करने के लिए यू.टी. प्रशासन 39 पेड़ों को हटाने जा रहा है, जिसके लिए यू.टी. की हॉर्टीकल्चर डिवीजन की तरफ से टैंडर जारी किया गया है। वहीं, प्रशासन की इस कार्रवाई का विरोध भी होना शुरू हो गया है, जबकि अधिकारियों द्वारा तर्क दिया जा रहा है कि वे एक इन पेड़ों की जगह नए पेड़ लगाएंगे। बता दें कि प्रशासन द्वारा यहां जंक्शन नंबर 39 से सी.टी.यू. वर्कशॉप और इसके आगे रेलवे लाइट प्वाइंट तक रोड को चौड़ा करने का काम किया जा रहा है। इसके अलावा साइकिल ट्रैक भी बनाया जाएगा। इनके निर्माण के रास्ते में आने वाले पेड़ों को हटाने के लिए विभाग की तरफ से अब टैंडर जारी किया गया है।

 

 
विकास के नाम पर पर्यावरण से खिलवाड़ 
इस संबंध में प्रशासन के एक अधिकारी ने बताया कि वह इन पेड़ों की जगह नियमों के तहत नए पेड़ लगाएंगे। इंवार्यमैंट सोसाइटी ऑफ चंडीगढ़ के सैके्रटरी रोहन सिंह ने कहा कि चंडीगढ़ प्रशासन द्वारा जिस प्रकार बार-बार विकास के नाम पर पर्यावरण और शहर की हरियाली को नष्ट करने का काम किया जा रहा है, वह गलत है। उन्होंने कहा कि प्रशासन अन्य विकल्प तलाशने पर काम नहीं करता है, जबकि सिर्फ पेड़ों के काटने की प्रक्रिया पर काम शुरू कर देता है, जिसका वह विरोध करते हैं। उनकी मांग है कि अगर प्रशासन एक पेड़ काटता है तो तो उसके बदले 10 पेड़ लगाए जाने चाहिए। 


सड़क चौड़ी करने से ये होगा फायदा  
इंडस्ट्रीयल एरिया फेज-1 की इन सड़कों को चौड़ा करने से जीरकपुर की तरफ से आने वाले लोगों को मध्य मार्ग की ओर पहुंचना आसान हो जाएगा। इससे उन्हें ट्रिब्यून चौक से निकालने की जरूरत नहीं होगी, बल्कि उससे पहले वाले चौक से ही मध्य मार्ग की तरफ एंट्री कर सकेंगे। इससे मध्य मार्ग से भी टै्रफिक प्रैशर कम हो जाएगा, जिससे लोगों को जाम से निजात मिलेगी। ये प्रोजैक्ट चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन से चंडीगढ़ व पंचकूला को कनैक्ट करने वाले अंडरपास प्रोजैक्ट की स्पोर्ट में ही शुरू किया जा रहा है। इस संबंध में प्रशासन के एक अधिकारी ने बताया कि अंडरपास प्रशासन के डिवैल्पमैंट और विस्तार प्लान का ही हिस्सा है। इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए रेलवे स्टेशन के डिवैल्पमैंट प्रोजैक्ट को लेकर जानकारी ली थी और यू.टी. प्रशासन द्वारा इसे एक्सटैंड करने के प्रस्ताव को स्पोर्ट किया था। इसके लिए प्रशासन और रेलवे के अधिकारियों के बीच एक मीटिंग भी हुई थी। मीटिंग में इसके प्लान व इन्फ्रास्ट्रक्चर को लेकर प्लान तैयार किया गया था। 
 

ashwani

Advertising