60 वर्षीय और उससे ऊपर के लोगों को आज से मिलेगी प्रिकॉशन डोज

Monday, Jan 10, 2022 - 12:59 PM (IST)

चंडीगढ़,(पाल): 15 से 18 साल के बच्चों के बाद सोमवार से शहर में 60 साल और उससे ऊपर के लोगों का (जिन्हें कोई बीमारी है) को प्रिकॉशन डोज लगनी शुरू होगी। इसके साथ ही हैल्थ केयर वर्कर्स और फ्रंट लाइन वर्कर्स को भी प्रिकॉशन डोज दी जाएगी। शहर में इस वक्त 60 साल और उससे ऊपर के लोगों की पॉपुलेशन 15600 हैं जिन्हे वैक्सीन की तीसरी डोज लगेगी, जबकि 26237 हैल्थ केयर वर्कर्स और 22438 फ्रंट लाइन वर्कर्स हैं, जिन्हें वैक्सीन लगाने का टारगेट है। हैल्थ डिपार्टमैंट के मुताबिक 60 साल से ऊपर के जिन लोगों को कोई दूसरी बीमारी भी है वह अपने डॉक्टर से सलाह लेकर वैक्सीन लगवाने आएं। हालांकि वैक्सीन लगवाने के लिए किसी तरह के मैडीकल सर्टीफिकेट की जरूरत नहीं है। वैक्सीन की दोनों डोज के बाद प्रिकॉशन डोज में 9 महीने का गैप होना चाहिए। कोवीशिल्ड वैक्सीन इन सभी को लगाई जाएगी।

 


18 साल उम्र से ऊपर के 95 प्रतिशत लोगों को मिली दूसरी डोज 
शहर में 18 साल उम्र और उससे ऊपर के कुल 8,43,000 लोग हैं, जिसमें से अभी तक सभी को पहली डोज दी जा चुकी है। दूसरी डोज की बात करें तो अभी तक 95.61 प्रतिशत (8,06,020) लोगों को दी जा चुकी हैं।
स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन उम्मीद कर रहा है कि अगले हफ्ते तक दूसरी डोज के टारगेट को अचीव कर लिया जाएगा। टारगेट को पूरा करने के लिए वैक्सीनेशन सैंटर्स को बढ़ाया गया है जिसके लिए स्टाफ और टीम को बढ़ा दिया गया है। वहीं, 15 से 18 साल उम्र के बच्चों का टारगेट 72,000 है। 3 जनवरी से बच्चों का वैक्सीनेशन शुरू हुआ था। एक हफ्ते में ही 25509 (35.43 प्रतिशत) बच्चों को पहली डोज दी जा चुकी है। एडवाइजर धर्मपाल ने 26 जनवरी तक बच्चों का टारगेट पूरा करने की बात कही है। इसके लिए सोमवार से 11 वैक्सीनेशन टीम को और जोड़ा गया है। बच्चों की वैक्सीनेशन अब शहर में 33 जगहों पर होगी।

 


यहां ले सकते हैं प्रिकॉशन डोज
-60 साल से ज्यादा उम्र के जिन्हें कोई दूसरी बीमारी है वह 18 साल और उससे ज्यादा उम्र के किसी भी वैक्सीन सैंटर पर जाकर वैक्सीन लगवा सकते हैं। सभी सैंटर्स पर उन्हें पहली या दूसरी डोज के लिए आने वाले लोगों के मुकाबले प्राथमिकता दी जाएगी।
-हैल्थ केयर वर्कर्स और फ्रंट लाइन वर्कर्स पी.जी.आई., जी.एम.सी.एच., जी.एम.एस.एच. और सिविल हॉस्पिटल (सैक्टर-22, 45 और मनीमाजरा) में खास सैंटर्स पर वैक्सीन ले सकते हैं।
-पुलिस कर्मियों (एफ.डब्ल्यू.) को सैक्टर-26 के पुलिस हॉस्पिटल में भी वैक्सीन मिल सकती है।
-नगर निगम ऑफिस सैक्टर-17 में भी आयोजित किए जा रहे कैंप में चंडीगढ़ नगर निगम के कर्मचारी वैक्सीन ले सकते हैं।

Ajay Chandigarh

Advertising