तीन करोड़ लूट मामला : 6 दिन बाद भी लुटेरों का सुराग नहीं

punjabkesari.in Tuesday, May 21, 2019 - 12:29 PM (IST)

चंडीगढ़ (सुशील) : तीन करोड़ की लूट के मामले में चंडीगढ़ पुलिस छह दिन बाद भी लुटेरों का कोई सुराग नहीं लगा पाई। पुलिस अभी तक यह पता नहीं लगा पाई कि लुटेरे वारदात को अंजाम देने के बाद किस वाहन से और किस रास्ते से फरार हुए हैं। 

 

सी.सी.टी.वी. और मोबाइल डंप डाटा से भी पुलिस को लुटेरों का कोई क्लू नहीं मिला। लुटेरों का सुराग लगाने के लिए बनाई गई टीमों को भी फरार आरोपियों की कोई जानकारी हासिल नहीं हुई है। पुलिस शोरूम से लूटी हुई ज्वैलरी का रिक ार्ड लेने में लगी हुई है। चंडीगढ़ पुलिस केस को सुलझाने के लिए कई थ्योरी पर जांच कर रही है।

 

शिकायतकर्ता हर्ष बेदी ने बताया था कि 14 मई को वह लॉकर की चाबी, पिस्टल और कैश से भरा बैग गाड़ी में रखकर शटर बंद करने शोरूम में आए थे। शोरूम बंद करने से चंद मिनट पहले हथियारों से लैस तीन युवक शोरूम में आए और उस पर पिस्टल तान दी। 

 

तीनों ने उसके हाथ और पैर बांधकर उसे बाथरूम में बंद कर दिया। बेदी ने कहा कि लुटेरे शोरूम के अंदर से हीरे और सोने के करीब तीन करोड़ के गहने व 30 हजार कैश लेकर फरार हो गए थे। 

 

शोर मचाने पर लोगों ने शोरूम में आकर उसके हाथ पाव खोले थे, जिसके बाद उन्होंने मामले की शिकायत पुलिस को दी थी। सैक्टर 34 थाना पुलिस ने घटनास्थल की जांच कर लूट का मामला दर्ज किया था। 


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

pooja verma

Recommended News

Related News