पंजाब पुलिस ने बठिंडा रेंज में चलाए तलाशी अभियान के दौरान 41 समाज विरोधी तत्वों को किया गिरफ्तार
punjabkesari.in Monday, Jul 24, 2023 - 08:48 PM (IST)

चंडीगढ़,(रमनजीत): पंजाब को सुरक्षित राज्य बनाने के लिए पंजाब पुलिस ने सोमवार को बठिंडा रेंज में एक विशेष घेराबंदी और तलाशी अभियान (कासो) चलाया। नशा तस्करी, समाज विरोधी तत्वों और अपराधियों को रोकने पर केंद्रित यह अभियान डी.जी.पी. पंजाब गौरव यादव के निर्देशों पर चलाया गया।
बठिंडा रेंज के दोनों पुलिस जिलों बठिंडा और मानसा में एक ही समय सुबह 8 बजे से दोपहर 1 बजे तक चलाया गया और एस.एस.पीज. को भारी पुलिस फोर्स की तैनाती में, इस आपरेशन को उचित योजनाबंदी के साथ अंजाम देने के लिए कहा गया था। यह कार्रवाई ए.डी.जी.पी. बठिंडा रेंज एस.पी.एस. परमार की निगरानी में की गई।
स्पैशल डी.जी.पी. (कानून और व्यवस्था) अर्पित शुक्ला ने कहा कि पुलिस टीमों ने आपरेशन के दौरान 33 एफ.आई.आर. दर्ज करने के बाद 41 समाज विरोधी तत्वों को गिरफ्तार किया है। पुलिस टीमों ने इनसे 3.5 लाख रुपए की ड्रग मनी, 197.13 ग्राम हेरोइन, 14 किलो भुक्की, 225 लीटर अवैध शराब और 8 मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं।
स्पैशल डी.जी.पी. शुक्ला ने कहा कि इस आपरेशन का उद्देश्य आम लोगों में सुरक्षा की भावना पैदा करना और फील्ड में पुलिस फोर्स की मौजूदगी को बढ़ाकर असामाजिक तत्वों में पुलिस का खौफ पैदा करना था। उन्होंने कहा कि राज्य में से नशों की बीमारी को पूरी तरह खत्म करने के लिए ऐसे आपरेशन आने वाले दिनों में भी जारी रहेंगे। ज्ञात रहे कि बठिंडा पुलिस ने 15 एफ.आई.आर. दर्ज करके 20 लोगों को गिरफ्तार किया है, जबकि मानसा पुलिस ने 18 एफ.आई.आर. दर्ज करके 21 को गिरफ्तार किया है।