कालका मेल से 21 लाख का पार्सल चोरी

Sunday, Nov 25, 2018 - 07:56 AM (IST)

चंडीगढ़(लल्लन): कालका मेल के एस.एल.आर. से करीब 21 लाख रुपए का पार्सल चोरी हो गया। चोरी होने के बाद रेलवे बोर्ड ने जांच के लिए विशेष टीम का गठन किया है। कोरियर कंपनी के संचालक डी.पी. दुबे का कहना है कि 21 नवम्बर को कालका मेल में 42 बंडल ह्यूमैन हेयर रखवाए थे। इसकी बिल्टी नंबर एम.031614 है। अगले दिन हावड़ा सिर्फ 29 बंडल ही पहुंच सके। यानी एस.एल.आर. से 13 बंडल गायब थे। उन्होंने बताया कि चंडीगढ़ में बंडल रखवाकर सील करने के बाद भी रास्ते से सामान गायब होना हैरान करने वाली बात है।

इलाहाबाद और मादा रोड के बीच एस.एल.आर. का लॉक टूटा हुआ था। चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन से बुक पार्सल चोरी होने का कोई पहला मामला नही हैं। इसके पहले भी कई कोरियर कपंनियों के लैगेज व सामान चोरी हो चुके हैं। डी.पी.दुबे ने बताया कि इससे पहले भी ह्यूमैन हेयर के बंडल चोरी हो चुके हैं। इसके साथ ही अन्य कोरियर कपंनियों के संचालकों का कहना हैं कि चोरी की वारदात को रोकने में रेलवे असफल है।

रेलमंत्री व जी.एम. को भेजी शिकायत
कालका मेल (12312) ट्रेन में पहले भी कई बार ट्रेन के एस.एल.आर. से सामान चोरी हो चुके हैं। दुबे ने बताया कि पार्सल चोरी होने की शिकायत रेल मंत्री पीयूष गोयल और नॉर्थ रेलवे के जी.एम. डी.पी. सिंह को लिखित शिकायत दी है। दुबे ने एस.एल.आर. के साथ जा रहे कर्मचारी पर शक जताया। पिछले साल अक्तूबर में भी 13 बंडल गायब हुए थे, जिनका पता आज तक रेलवे नहीं लगा सका।

bhavita joshi

Advertising