आठ महीने के अभियान में पुलिस ने नशे के मामलों में 11,360 को किया गिरफ्तार

punjabkesari.in Tuesday, Mar 14, 2023 - 09:50 PM (IST)

चंडीगढ़,(रमनजीत): पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के नशों के खात्मे के निर्देश पर नशों के खिलाफ निर्णायक लड़ाई 9वें महीने में प्रवेश कर गई है। पंजाब पुलिस ने 5 जुलाई 2022 से अब तक 1628 बड़े तस्करों समेत 11,360 नशा-तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया है। पुलिस ने कुल 8,458 एफ.आई.आर. दर्ज की हैं, जिनमें से 962 व्यावसायिक मात्रा से संबंधित हैं।

 

 


आई.जी. (मुख्यालय) सुखचैन सिंह गिल ने मंगलवार को कहा कि पुलिस टीमों ने नशा प्रभावित क्षेत्रों में घेराबंदी और तलाशी अभियान चलाकर राज्य भर से 612.78 किलोग्राम हेरोइन बरामद की है। इसके अलावा राज्य भर में संवेदनशील मार्गों पर नाके भी लगाए जा रहे हैं। इसके अतिरिक्त, पंजाब पुलिस की टीमों द्वारा गुजरात और महाराष्ट्र के बंदरगाहों से 147.5 किलोग्राम हेरोइन बरामद की गई, जिससे केवल 8 महीनों में हैरोइन की कुल प्रभावी बरामदगी 760.28 किलोग्राम हो गई।

 

 


आई.जी. गिल ने कहा कि भारी मात्रा में हैरोइन जब्त करने के अलावा, पुलिस ने राज्य भर से 464.18 किलोग्राम अफीम, 586 किलोग्राम गांजा, 270 किं्वटल पोस्त, और 53.73 लाख टैबलेट/ कैप्सूल/इंजैक्शन/ फार्मा ओपिऑयड की शीशियां भी बरामद की हैं। पुलिस ने इन 8 महीनों में गिरफ्तार किए गए नशा तस्करी के आरोपियों के कब्जे से 10.36 करोड़ रुपए की ड्रग मनी भी बरामद की है।

 

 


आई.जी. ने साप्ताहिक अपडेट देते हुए बताया कि पिछले एक सप्ताह में पुलिस ने 22 व्यवसायिक समेत 189 प्रथम सूचना रिपोर्ट (एफ.आई.आर.) दर्ज कर 234 नशा तस्करों/ आपूॢतकर्ताओं को गिरफ्तार किया है और 7.60 किलोग्राम हैरोइन, 10.30 किलोग्राम अफीम बरामद की है। इनके कब्जे से 13.87 किग्रा गांजा, 2.80 किं्वटल पोस्त और 59271 टैबलेट/ कैप्सूल/ इंजैक्शन/ वायल्स के अलावा 1.47 लाख रुपए की ड्रग मनी बरामद की गई है। उन्होंने कहा कि पिछले एक सप्ताह में एन.डी.पी.एस. मामलों में 25 और घोषित अपराधियों (पी.ओ.)/भगौड़ों को गिरफ्तार करने के साथ भगौड़ों को गिरफ्तार करने के लिए विशेष अभियान शुरू होने के बाद से गिरफ्तारियों की कुल संख्या 749 तक पहुंच गई है।

 

 


एक सवाल का जवाब देते हुए आई.जी. गिल ने कहा कि हथियार लाइसैंसों को रिव्यू करने की प्रक्रिया लगातार चल रही है और पंजाब पुलिस द्वारा राज्य में तकरीबन 8100 लोगों के लाइसैंस सस्पैंड या कैंसिल करने की सिफारिश की है। इनमें से 800 लोगों के लाइसैंस कैंसिल किए जा चुके हैं और 1480 लाइसैंस सस्पैंड किए गए हैं। 
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Ajay Chandigarh

Recommended News

Related News