13,230 रुपए में घूमें साऊथ के प्रसिद्ध तीर्थ स्थल

Wednesday, Jul 17, 2019 - 12:32 PM (IST)

चंडीगढ़(लल्लन): इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉरपोरेशन (आई.आर.सी.टी.सी.) की ओर से पहली बार धार्मिक स्थलों के लिए चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन से यात्रा शुरू करने का फैसला किया गया है। यह ट्रेन दक्षिण भारत स्पैशल टूर के नाम से चलाई जाएगी। यह ट्रेन चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन से 1 अगस्त से चलेगी और 14 अगस्त को वापस आएगी। इस स्पैशल टूर पैकेज के लिए आई.आर.सी.टी.सी. की ओर से ऑनलाइन व ऑफलाइन बुकिंग शुरू कर दी गई है।

आई.आर.सी.टी.सी. के रीजनल मैनेजर सुखविंदर पाल सिंह ने बताया कि नए साल पर साउथ के तीर्थ स्थलों की सैर के लिए 1 अगस्त की अल सुबह जालंधर, लुधियाना व चंडीगढ़ के रास्ते दक्षिण भारत स्पैशल ट्रेन चलाई जा रही है। इस टूर के लिए पर्यटकों को 13,230 रुपए खर्च करने होंगे। इसमें पैसेंजर को रोज नाश्ता, दोपहर और रात का खाना मुहैया करवाया जाएगा।

पंजाब, हरियाणा और राजस्थान में स्टॉपेज
चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन से दक्षिण भारत स्पैशल ट्रेन सुबह 4.10 पर रवाना होगी। इसमें कुल 804 स्लीपर क्लास की सीटें उपलब्ध हैं। दक्षिण भारत यात्रा में रामेश्वरम, मदुरई, कोवलम, त्रिवेंद्रम, कन्याकुमारी, तिरुचिरापल्ली, तिरुपति के तीर्थ स्थल शामिल हैं। इसकी स्टॉपेज जम्मूतवी, पठानकोट ,जालंधर ,लुधियाना, चंडीगढ़, अंबाला, कुरुक्षेत्र, करनाल, पानीपत, दिल्ली कैंट, रेवाड़ी, अलवर, जयपुर स्टेशनों पर होगी।

यह हैं भारत दर्शन ट्रेन में सफर के फायदे
-भारत दर्शन ट्रेन में स्लीपर क्लास का कंफर्म टिकट मिलता है।
-ट्रेन यात्रियों को सफर के दौरान ठहरने का इंतजाम भी करती है।
-यात्रा के दौरान ट्रांसपोर्टेशन की सुविधा मिलती है।
-मांग होने पर ट्रेन में अतिरिक्त एसी कोच भी जोड़ा जा सकता है।
-यह कई छोटे स्टेशनों से चढऩे और उतरने की सुविधा देती है।
-प्रत्येक ट्रेन कोच में एक सिक्योरिटी गार्ड तैनात होता है।
-आप इस यात्रा के बदले एल.टी.ए. क्लेम कर सकते हैं जिसके लिए रेलवे आपको यात्रा खत्म होने के बाद एल.टी.ए. सर्टिफिकेट जारी करता है।
-यात्रा की बुकिंग आई.आर.सी.टी.सी. की वैबसाइट डब्ल्यू.डब्ल्यू.डब्ल्यू. डॉट आई.आर.सी.टी.सी. टूरिज्म डॉट कॉम पर कर सकते हैं या एजैंट्स से भी बुक करवा सकते हैं।
-आई.आर.सी.टी.सी. के सैक्टर-34 स्थित हैड ऑफिस में जाकर भी बुकिंग करा सकते हैं।

इन तीर्थ स्थलों की करें सैर
आप इस टूर के दौरान रामेश्वरम के रामानाथ स्वामी टेंपल, मदुरई के मीनाक्षी टेंपल, कोवलम बीच के पद्मनाभम टेंपल व सांथीगिरी, कन्याकुमारी, तिरुचिरापल्ली के रंगनाथस्वामी, तिरुपति के तिरुमाला हिल्स और पद्मावती टेंपल के सैर कर सकेंगे।

19 सितम्बर को चलेगी स्पैशल ट्रेन 
आई.आर.सी.टी.सी. की ओर से 19 से 30 सितम्बर तक भारत दर्शन स्पैशल ट्रेन चलाने का फैसला किया गया है। इस ट्रेन से सफर करने वाले पर्यटकों को 11,340 रुपए देने होंगे। यह ट्रेन 19 सितम्बर से जालंधर सिटी से रवाना होगी और लुधियाना होते हुए चंडीगढ़ के रास्त बंगलुरू जाएगी। इस स्पैशल ट्रेन में भी यात्रियों को पूरी सुविधा दी जाएगी। इस यात्रा के दौरान पर्यटक शिरड़ी, गोवा, शानिसिंगनपुर, हम्पी, मैसूर और बंगलुरू की सैर कर पाएंगे। इसमें पैसेंजर को रोज का नाश्ता, दोपहर और रात का खाना मुहैया करवाया जाएगा। 

bhavita joshi

Advertising