जल्दी ही सैक्टर-48 में बनेगा 100 बैड का हॉस्पिटल : प्रशासन

Friday, Sep 28, 2018 - 02:07 PM (IST)

चंडीगढ़ (बृजेन्द्र): चंडीगढ़ प्रशासन ने दावा किया है कि स्वास्थ्य सुविधाओं को और बेहतर करने के लिए प्रभावी प्रयास किए जा रहे हैं। पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट में बताया कि 180 बैड क्षमता वाले 2 हॉस्पिटल्स और स्पोर्ट्स इंजरी सैंटर जल्द स्थापित होगा। सैक्टर 48 में 100 बैड वाले हॉस्पिटल का निर्माण कार्य 31 दिसम्बर तक पूरा हो जाएगा। वहीं, 78 डॉक्टर्स समेत 248 लोगों की जानकारी केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याणा मंत्रालय को भेज दी है। 

 

यह लोग हॉस्पिटल्स में सेवाएं देंगे।यू.टी. के हैल्थ सैक्रेटरी अरुण कुमार गुप्ता का एफिडैविट पेश करते हुए यह जानकारी पेश की गई। बताया कि भारत सरकार से प्रार्थना की है कि मरीजों व आम लोगों के हितों में सैक्टर-48 सिविल हॉस्पिटल के लिए पद तैयार करने की मंजूरी दी जाए। वहीं, मलोया गांव में 80 बैड वाले हॉस्पिटल मामले में बताया कि मौजूदा पुरानी बिल्डिंग को ढहाने और नए निर्माण का मुद्दा इंजीनियरिंग डिपार्टमैंट के समक्ष रखा गया था। दिसम्बर, 2020 तक निर्माण कार्य पूरा हो जाएगा। बताया कि जी.एम.सी.एच. 32 में स्पोर्ट्स इंजरी सैंटर बनाया जाएगा।

 

सफदरजंग हॉस्पिटल के स्पोर्ट्स इंजरी सैंटर की तर्ज पर जी.एम.सी.एच. में होगा निर्माण
चंडीगढ़ प्रशासन का वित्त विभाग संबंधित सैंटर के लिए विभिन्न श्रेणियों में 189 नियमित पदों के मुद्दे पर सहमति दे चुका है। प्रशासन ने केंद्र से स्वीकृति के लिए प्रार्थना भेजी है। सफदरजंग हॉस्पिटल में स्पोर्ट्स इंजरी सैंटर की तर्ज पर जी.एम.सी.एच. में निर्माण होगा। पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, राजस्थान, उत्तराखंड, जम्मू एंड कश्मीर जैसे राज्यों के स्पोर्ट्स इंजरी वाले केसों को यहां देखा जा सकेगा। 

 

प्रशासन ने कहा कि शहर के स्वास्थ्य ढांचे को और मजबूत करने के लिए सभी जरूरी प्रयास किए जा रहे हैं। वहीं, नई अभिनव योजनाएं भी लाई जाएंगी। रीजन में स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर हाईकोर्ट द्वारा संज्ञान लेकर बीते वर्ष शुरू किए गए केस में यह एफिडैविट पेश किया गया है।
 

pooja verma

Advertising