राणा कपूर के कार्यकाल के लिए RBI से विस्तार मांगेगा यस बैंक

Wednesday, Sep 26, 2018 - 09:38 AM (IST)

बिजनेस डेस्कः निजी क्षेत्र के यस बैंक के निदेशक मंडल ने अपने प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी राणा कपूर के लिए भारतीय रिजर्व बैंक से तीन महीने का सेवा विस्तार मांगने का फैसला किया है। बैंक ने कपूर के उत्तराधिकारी की तलाश के लिये एक खोज एवं चयन समिति गठित करने का भी फैसला किया है। केंद्रीय बैंक ने कपूर को 31 जनवरी, 2019 तक पद पर बने रहने की अनुमति दी है।

यस बैंक के निदेशक मंडल की बैठक में कपूर के लिए कम से कम तीन महीने का सेवा विस्तार मांगने का फैसला किया गया। रिजर्व बैंक ने पिछले सप्ताह कपूर के लिए बोर्ड द्वारा मांगे गए तीन साल के विस्तार को घटाकर उन्हें सिर्फ 31 जनवरी 2019 तक पद पर बने रहने की अनुमति दी है। केंद्रीय बैंक ने यस बैंक से कपूर का उत्तराधिकारी तलाशने को कहा था। शेयर बाजारों को भेजी सूचना में बैंक ने कहा कि कपूर बैंक की 2004 में स्थापना के बाद से ही इस पद पर हैं और उनके स्थान पर उचित व्यक्ति की तलाश करने में समय लगेगा।

यस बैंक ने फैसला किया है कि वह केंद्रीय बैंक से कपूर के कार्यकाल को कम से कम 30 अप्रैल, 2019 तक बढ़ाने का आग्रह करेगा। दीर्घावधि की उत्तराधिकार योजना सुनिश्चित करने के लिए बोर्ड ने समूह के वरिष्ठ अध्यक्षों रजत मोंगा और प्रलय मंडल को पदोन्नत कर कार्यकारी निदेशक बनाने का फैसला किया है। मोंगा वित्तीय प्रबंधन तथा मंडल खुदरा क्षेत्र का कामकाज देखते हैं। बैठक में एक खोज और चयन समिति गठित करने का भी फैसला किया गया। समिति में तीन सदस्य बैंक की मौजूदा नामांकन और पारिश्रमिक समिति से होंगे तथा दो बाहरी विशेषज्ञ होंगे। 

Supreet Kaur

Advertising