विश्व बैंक ने कई भारतीय कंपनियों को किया प्रतिबंधित

Friday, Oct 05, 2018 - 12:51 AM (IST)

वाशिंगटन: विश्व बैंक ने कई भारतीय कंपनियों और लोगों को दुनिया भर की अपनी विभिन्न परियोजनाओं से प्रतिबंधित कर दिया है। विश्व बैंक ने एक रिपोर्ट में यह जानकारी दी। 

विश्व बैंक ने हालिया वार्षिक रिपोर्ट में कहा कि उसने धोखाधड़ी तथा फर्जीवाड़े के कारण ओलिव हैल्थ केयर और जय मोदी को प्रतिबंधित किया है। ये दोनों बंगलादेश में विश्व बैंक की एक परियोजना पर काम कर रहे थे। ओलिव हैल्थ केयर को 10 साल 6 महीने के लिए तथा जय मोदी को 7 साल 6 महीने के लिए प्रतिबंधित किया गया है। 

विश्व बैंक ने इनके अलावा एंजलिक इंटरनैशनल लिमिटेड को साढ़े 4 साल के लिए प्रतिबंधित किया है। कंपनी इथियोपिया और नेपाल में विश्व बैंक की परियोजना पर काम कर रही थी। अर्जेंटीना और बंगलादेश में विश्व बैंक की परियोजना पर काम कर रही फैमिली केयर को 4 साल के लिए प्रतिबंधित किया गया है। इनके अलावा मधुकॉन प्रोजैक्ट््स लिमिटेड को 2 साल के लिए और आर.के.डी. कंस्ट्रक्शंस प्राइवेट लिमिटेड को डेढ़ साल के लिए प्रतिबंधित किया गया है। दोनों कंपनियां देश में ही विश्व बैंक की परियोजना पर काम कर रही थीं। 

एक साल से कम समय के लिए प्रतिबंधित की गई भारतीय कंपनियों में तात्वे ग्लोबल एनवायरनमैंट प्राइवेट लिमिटेड, एस.एम.ई.सी. (इंडिया) प्राइवेट लिमिटेड और मैकलॉड्स फार्मास्यूटीकल्स लिमिटेड शामिल हैं। विश्व बैंक ने कुल 78 कंपनियों पर रोक लगाई है। इनके अतिरिक्त 5 कंपनियों पर शर्तों के साथ प्रतिबंध लगा है।     

Pardeep

Advertising