जानिए, क्या 2025 तक 5 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बन पाएगा भारत?

Sunday, Apr 29, 2018 - 11:18 AM (IST)

नई दिल्ली: पिछले सप्ताह देश के आर्थिक मामलों के सचिव सुभाष चंद्र गर्ग ने वर्ल्ड बैंक को बताया कि 2025 तक भारत की अर्थव्यवस्था का आकार दोगुना हो जाएगा। मौजूदा समय में भारत की अर्थव्यवस्था 2.6 ट्रिलियन डॉलर (173 लाख करोड़ रुपए) की है। गर्ग के अनुसार ये दोगुनी होकर 5 ट्रिलियन डॉलर (करीब 332 लाख करोड़ रुपए) हो जाएगी। ऐसे में एक बड़ा सवाल है कि क्या ऐसा हो पाएगा? आंकड़ों की नजर से अगर देश की अर्थव्यवस्था की रफ्तार देखें तो ऐसा बिल्कुल संभव है। 

एक साल में 337 बिलियन डॉलर बढ़ी भारत की अर्थव्यवस्था 
भारत की अर्थव्यवस्था 2007 से 2014 के बीच 1 ट्रिलियन डॉलर से बढ़कर 2 ट्रिलियन डॉलर हो गई थी। जी.डी.पी. की रफ्तार अगर आने वाले सालों में भी जारी रही तो भारत 5 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था जल्द बन जाएगा। अभी अर्थव्यवस्था के साइज के मामले में भारत से आगे अमेरिका और चीन ही हैं। 2016-17 में भारत की इकॉनमी में 337 बिलियन डॉलर का इजाफा हुआ। 

भारत तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था
वित्त वर्ष भारत की अर्थव्यवस्था 2016-17 में जितनी बढ़ी है वह विश्व के 158 देशों की कुल जी.डी.पी. से ज्यादा है, जिसमें पाकिस्तान, बांग्लादेश, मलेशिया जैसे देश शामिल हैं। 19.1 ट्रिलियन डॉलर के साथ अमेरिका सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है। दूसरे पायदान पर चीन है जिसकी अर्थव्यवस्था 12 ट्रिलियन डॉलर की है। भारत की अर्थव्यवस्था 2.6 ट्रिलियन डॉलर है और यह दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है। 2016-2017 के बीच किसी देश की अर्थव्यवस्था सबसे ज्यादा बढ़ी है तो वह चीन है। इस दौरान चीन की अर्थव्यवस्था में 793 बिलियन डॉलर जुड़े। बात अगर अमेरिका की करें तो इस दौरान उसकी अर्थव्यवस्था में 766 बिलियन डॉलर जुड़े। इस दौरान भारत की अर्थव्यवस्था में 337 बिलियन डॉलर की बढ़ोतरी हुई। 

jyoti choudhary

Advertising