Onion Price: प्याज के थोक दाम नौ दिन में 9% घटे, खुदरा कीमतों में भी कमी आने की उम्मीद
punjabkesari.in Wednesday, Sep 16, 2026 - 04:34 PM (IST)
नई दिल्लीः उपभोक्ता मामलों की सचिव निधि खरे ने बुधवार को कहा कि पिछले नौ दिन में थोक बाजारों में प्याज के दाम नौ प्रतिशत घटे हैं और आने वाले दिनों में खुदरा कीमतों में भी कमी आने की उम्मीद है। पूरे देश में प्याज की औसत खुदरा कीमत मंगलवार को 53.92 रुपए प्रति किलोग्राम रही। यह एक महीने पहले की कीमत की तुलना में 48 प्रतिशत और एक साल पहले की तुलना में 94 प्रतिशत अधिक है।
सरकारी आंकड़ों के अनुसार, प्याज की महंगाई दर अगस्त में 48.27 प्रतिशत गई हो गई, जो जुलाई में 22.54 प्रतिशत थी। कीमतों पर नियंत्रण के लिए केंद्र सरकार ने पिछले महीने 35 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से प्याज की बिक्री शुरू की थी।
भारतीय राष्ट्रीय सहकारी उपभोक्ता महासंघ (NCCF), भारतीय राष्ट्रीय कृषि सहकारी विपणन महासंघ (नाफेड) और केंद्रीय भंडार के खुदरा बिक्री केंद्रों के साथ-साथ मोबाइल वैन के जरिये प्याज की बिक्री की जा रही है। खरे ने उद्योग मंडल पीएचडीसीसीआई द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम से इतर कहा, ''प्याज की उपलब्धता में कोई कमी नहीं है। जब से हमने यह सुनिश्चित करने के लिए खुदरा हस्तक्षेप शुरू किया है कि उपभोक्ताओं को 35 रुपए प्रति किलोग्राम की दर से प्याज मिले, हम देश के करीब 48 शहरों तक पहुंच चुके हैं।''
देश में प्याज की कीमत और उपलब्धता की स्थिति के बारे में पूछे जाने पर सचिव ने कहा कि पिछले नौ दिन के मंडी भाव का विश्लेषण करने पर कीमतों में नौ प्रतिशत की कमी आई है। उन्होंने कहा कि थोक कीमतों में गिरावट का खुदरा कीमतों पर सकारात्मक असर पड़ेगा और इनमें भी कमी आने की उम्मीद है।
सरकार ने पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने और मौसमी कीमतों में बढ़ोतरी पर अंकुश लगाने के लिए हाइब्रिड परिवहन व्यवस्था के तहत प्याज के बफर स्टॉक को चरणबद्ध तरीके से जारी करना शुरू किया है। इसके तहत रेलवे रैक (कांदा एक्सप्रेस) और सड़क परिवहन दोनों का इस्तेमाल किया जा रहा है। सरकार ने चालू वर्ष के लिए 1.21 लाख टन प्याज का बफर स्टॉक रखा है। प्याज का उत्पादन वित्त वर्ष 2025-26 में 307.37 लाख टन रहा, जबकि इससे पिछले वर्ष यह 307.67 लाख टन था।
