सेब पर मौसम की मार, बढ़े दाम

Sunday, Aug 05, 2018 - 11:26 AM (IST)

नई दिल्लीः इस साल प्रतिकूल मौसम से हिमाचल प्रदेश में सेब के उत्पादन में गिरावट आई है जिसका असर इसकी कीमतों पर देखा जा रहा है। यानी सेब के दाम बढ़ गए हैं। दरअसल सेब की पैदावार के लिए सबसे जरूरी बर्फ बहुत ही कम पड़ी है। इसके बाद समय पर बारिश भी नहीं हुई। इस वजह से हिमाचल में इस साल बीते एक दशक में सबसे कम सेब पैदा हुआ है। कश्मीर में भी मौसम फसल के अनुकूल नहीं रहा। लिहाजा वहां भी सेब की पैदावार कम हो सकती है। 

अखिल भारतीय सेब उत्पादक संघ के अध्यक्ष रवींद्र चौहान ने कहा कि इस बार मौसम सेब की फसल के अनुकूल नहीं रहा। लिहाजा प्रतिकूल मौसम की मार हिमाचल में सेब उत्पादन पर पड़ी। चौहान ने कहा कि हिमाचल में इस साल 1.4 से 1.5 करोड़ पेटी सेब पैदा होने का अनुमान है जो पिछले साल पैदा हुए 1.60-1.75 करोड़ पेटी (20-22 किलो) से कम है। हिमाचल में सेब की सामान्य पैदावार 3 करोड़ पेटी है। 

हिमाचल में पैदावार घटने से सेब महंगा
सेब की कम पैदावार से इस साल सेब के दाम अधिक हैं। चौहान ने बताया कि इस बार किसानों को सेब की औसत कीमत 1800-2200 रुपए प्रति पेटी मिल सकती है जो पिछले साल से 300 से 400 रुपए पेटी अधिक है। बहुत अच्छी गुणवत्ता वाले सेब की कीमत 3000 रुपए प्रति पेटी से भी अधिक है और खराब गुणवत्ता वाले सेब की कीमत 1400 रुपए पेटी है। आजादपुर मंडी के सेब कारोबारी और दिल्ली कृषि विपणन बोर्ड के सदस्य मीठाराम कृपलानी कहते हैं कि हिमाचल में सेब की पैदावार घटने से सेब महंगा बिक रहा है। हिमाचल के सेब के दाम 70 से 100 रुपए किलो है जो पिछले साल से 20 रुपए प्रति किलो अधिक है। मंडी में कश्मीर से आने वाले अग्रिम किस्म के सेब के दाम 40 से 60 रुपए किलो है। दिल्ली के खुदरा बाजार में सेब 100-180 रुपए किलो बिक रहा है। 

कश्मीर में भी सेब की पैदावार घटने का अनुमान
कश्मीर में भी सेब की पैदावार घटने का अनुमान है। चौहान ने कहा कि कश्मीर से सेब की मुख्य फसल की पैदावार सितम्बर महीने से आनी शुरू होगी। कश्मीर में भी इस बार बर्फ और बारिश की कमी है। ऐसे में वहां भी सेब कम पैदा हो सकता है।

jyoti choudhary

Advertising