Warren Buffett ने बर्कशायर हैथवे के चेयरमैन पद से दिया इस्तीफा, 1970 से संभाल रहे थे जिम्मेदारी

punjabkesari.in Friday, Sep 18, 2026 - 04:54 PM (IST)

ओमाहा: दिग्गज निवेशक वॉरेन बफेट ने बर्कशायर हैथवे (Berkshire Hathaway) के चेयरमैन पद से इस्तीफा दे दिया है। 96 वर्षीय बफेट ने इस पद पर पांच दशक से ज्यादा समय तक जिम्मेदारी संभाली। कंपनी ने शुक्रवार को बताया कि अब वह चेयरमैन एमेरिटस की भूमिका निभाएंगे और यह बदलाव तत्काल प्रभाव से लागू होगा।

बफेट के बेटे हॉवर्ड बफेट Berkshire Hathaway के नए चेयरमैन होंगे। हॉवर्ड 1993 से कंपनी के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स में शामिल हैं।

1970 से संभाल रहे थे चेयरमैन की जिम्मेदारी

वॉरेन बफेट ने 1970 में Berkshire Hathaway के चेयरमैन का पद संभाला था। हालांकि, वह कंपनी के साथ इससे भी लंबे समय से जुड़े रहे हैं। बफेट ने शेयरधारकों को लिखे पत्र में कहा कि उन्होंने 1965 से Berkshire Hathaway के लिए काम किया है।

बफेट ने कहा कि छह दशक से ज्यादा समय बीतने के बाद भी उन्हें लगता है कि उनके पास दुनिया की सबसे अच्छी नौकरी है। उन्होंने कंपनी के भविष्य को लेकर भी भरोसा जताया और कहा कि ग्रेग एबेल तथा उनके बेटे हॉवर्ड के नेतृत्व में Berkshire Hathaway सही दिशा में आगे बढ़ेगी।

CEO पद पहले ही छोड़ चुके हैं बफेट

वॉरेन बफेट ने पिछले साल के अंत में कंपनी के CEO पद से भी इस्तीफा दे दिया था। उनके बाद ग्रेग एबेल ने CEO की जिम्मेदारी संभाली। अब बफेट चेयरमैन एमेरिटस के रूप में कंपनी से जुड़े रहेंगे और बोर्ड में डायरेक्टर भी बने रहेंगे। बफेट ने अपने पत्र में कहा कि ग्रेग एबेल कंपनी का संचालन करेंगे, जबकि हॉवर्ड कंपनी की संस्कृति और मूल्यों की रक्षा करेंगे।

140 अरब डॉलर से ज्यादा की संपत्ति

वॉरेन बफेट की संपत्ति का बड़ा हिस्सा Berkshire Hathaway के शेयरों से बना है। जुलाई 2026 में उनकी संपत्ति 140 अरब डॉलर से अधिक आंकी गई थी। बफेट लंबे समय से अपनी संपत्ति का बड़ा हिस्सा दान करते रहे हैं। 2006 से अब तक वह करीब 66 अरब डॉलर मूल्य के Berkshire Hathaway शेयर दान कर चुके हैं।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

jyoti choudhary

Related News