मध्य प्रदेश में बंदर हीरा परियोजना के लिए बोली लगा सकती हैं वेदांता, अडाणी

Saturday, Oct 28, 2017 - 09:41 AM (IST)

नई दिल्लीः धातु और खनन क्षेत्र की प्रमुख कंपनी वेदांता लि. और अडाणी समूह मध्य प्रदेश की बंदर हीरा परियोजना के लिए बोली लगा सकती हैं। वैश्विक कंपनी रियो टिंटो हाल में इस परियोजना से बाहर निकली है। सूत्रों ने यह जानकारी दी। एक सूत्र ने कहा कि वेदांता बंदर परियोजना के लिए बोली लगा सकती है। एक अन्य सूत्र ने बताया कि अडाणी समूह भी इस हीरा परियोजना के लिए बोली लगाने पर विचार कर रहा है। सूत्र ने कहा कि कंपनी के कुछ अधिकारी भी परियोजना स्थल पर जा चुके हैं।

मध्य प्रदेश के खान सचिव मनोहर लाल दुबे ने कहा, ‘‘इस परियोजना के लिए निविदा आमंत्रित करने का नोटिस नवंबर में जारी किया जाएगा। यह एक ऑनलाइन निविदा प्रक्रिया होगी। परियोजना की संभावित लागत के बारे में पूछे जाने पर दुबे ने कहा कि इस पर कुछ कहना मुश्किल है क्योंकि इसमें कई चीजों को देखना होगा। उन्होंने बताया कि भारतीय खान ब्यूरो के अनुसार इस परियोजना से निकाले जाने वाले हीरों का अनुमानित मूल्य 60,000 करोड़ रुपए होगा। हालांकि, परियोजना में रुचि दिखाने वाली कंपनियों का नाम नहीं बताया। उन्होंने कहा कि कई कंपनियों ने इसमें रुचि दिखाई है। मध्य प्रदेश सरकार की इस महीने मुंबई में अंशधारकों के साथ बैठक हुई। इस बैठक में 10 परियोजनाओं पर विचार हुआ। इसमें बंदर परियोजना भी शामिल है। 
 

Advertising