अमरीका का झटका : भारत की 50 वस्तुएं ड्यूटी-फ्री लिस्ट से बाहर

Friday, Nov 02, 2018 - 05:35 AM (IST)

वॉशिंगटन: अमरीका ने विदेशों से आयात होने वाले 90 सामानों से ड्यूटी फ्री होने का तमगा वापस ले लिया। अब इन सामानों के आयात पर अमरीका में शुल्क वसूला जाएगा। भारत के लिए यह एक झटका है क्योंकि इसके 50 सामान भी इस फैसले की जद में आएंगे। जिन भारतीय उत्पादों पर अब अमरीका में आयात पर ड्यूटी वसूली जाएगी, उनमें ज्यादातर हैंडलूम और कृषि क्षेत्रों के हैं। ट्रम्प प्रशासन का यह फैसला भारत के साथ व्यापारिक रिश्ते में उसके कड़े रुख का संकेत देता है। 

मोस्ट फेवर्ड नेशन की शुल्क दरों के साथ हो सकता है आयात
फैडरल रजिस्टर ने एक अधिसूचना जारी करते हुए कहा कि अब तक जर्नलाइज्ड सिस्टम ऑफ  प्रैफरैंस (जी.एस.पी.) के शुल्क मुक्त प्रावधानों के तहत आने वाले 90 उत्पादों को सूची से बाहर किया जा रहा है। मंगलवार को अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने भी इससे संबंधित एक बयान जारी किया था। ताजा फैसला 1 नवम्बर से लागू हो गयाा। यू.एस. ट्रेड रिप्रैजैंटेटिव एक अधिकारी ने कहा कि 1 नवम्बर से ये प्रोडक्ट्स जी.एस.पी. प्रोग्राम के तहत ड्यूटी-फ्री प्रैफरैंस के योग्य नहीं होंगे, लेकिन मोस्ट फेवर्ड नेशन की शुल्क दरों के साथ इनका आयात किया जा सकता है। 

ट्रम्प का फैसला देश नहीं वस्तु आधारित
ड्यूटी-फ्री लिस्ट से बाहर हुए 90 सामानों की पड़ताल करने पर पता चलता है कि ट्रम्प प्रशासन का ताजा फैसला देश आधारित नहीं, बल्कि वस्तु आधारित है। चूंकि भारत जी.एस.पी. प्रोग्राम का सबसे बड़ा लाभार्थी रहा है, इसलिए ताजा फैसले का सबसे ज्यादा असर भी हमारे देश पर ही पड़ा है। जी.एस.पी. अमरीका का सबसे बड़ा और सबसे पुराना अमरीकी व्यापारिक वरीयता कार्यक्रम (यू.एस. ट्रेड प्रैफरैंस प्रोग्राम) है। इसे लक्षित लाभार्थी देशों के हजारों उत्पादों को अमरीका में ड्यूटी-फ्री एंट्री की अनुमति देकर आर्थिक विकास को बढ़ावा देने के लिए लाया गया था। 

Pardeep

Advertising