उर्जित पटेल ने नए RBI गवर्नर का कार्यभार संभाला

Monday, Sep 05, 2016 - 01:17 PM (IST)

मुंबईः भारतीय रिजर्व बैंक (आर.बी.आई.) के 24वें गवर्नर के रुप में उर्जित पटेल ने आज कार्यभार संभाल लिया है। उन्होंने रघुराम राजन की जगह ली है, राजन का विवादास्पद 3 साल का कार्यकाल कल समाप्त हो गया। 

राजन के अधूरे काम को पूरा करेंगे डॉ. पटेल

आर.बी.आई. ने आज जारी एक बयान में कहा कि पटेल ने 4 सितंबर 2016 से प्रभार संभाला जो जनवरी 2013 से डिप्टी गवर्नर पद पर थे। 3 साल का पहला कार्यकाल पूरा होने पर इस साल 11 जनवरी को उन्हें दोबारा डिप्टी गवर्नर नियुक्त किया गया था। अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष (आई.एम.एफ.) में भी वह अपनी सेवाएं दे चुके हैं। वह 1996-97 के दौरान रिजर्व बैंक में आई.एम.एफ. के प्रतिनिधि रहे थे और इस दौरान ऋण बाजार के विकास, बैंकिंग सुधार, पेंशन सुधार और मुद्रा विनिमय बाजार के विकास पर सलाह दी थी। वह वर्ष 1998 से 2001 के दौरान वित्त मंत्रालय के सलाहकार भी रह चुके हैं। इसके अलावा भी उन्होंने निजी एवं सार्वजनिक क्षेत्र में विभिन्न जिम्मेदारियां निभाई हैं।

पटेल प्रत्यक्ष कर के लिए बनी केलकर समिति, आधारभूत संरचना पर प्रधानमंत्री के कार्यबल, टैलीकॉम मामलों पर बने मंत्रियों के समूह, नागरिक उड्डयन सुधार समिति, विद्युत मंत्रालय के राज्य विद्युत बोर्डों पर बने विशेषज्ञ समूह और नागरिक एवं रक्षा सेवा पेंशन तंत्र की समीक्षा के लिए बने उच्चस्तरीय विशेषज्ञ समूह समेत केन्द्र और राज्य सरकारों की कई उच्चस्तरीय समितियों का भी हिस्सा रह चुके हैं। उन्होंने भारतीय वृहद अर्थशास्त्र, मौद्रिक नीति, सार्वजनिक वित्त, भारतीय वित्त क्षेत्र, अंतर्राष्ट्रीय व्यापार और नियामकीय अर्थव्यवस्था जैसे विषयों पर किताबें और लेख लिख चुके हैं। वह येल विश्वविद्यालय से अर्थशास्त्र में डॉक्टरेट, ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय से एम. फिल और लंदन विश्वविद्यालय से स्नातक हैं।

Advertising