नोटबंदी पर संसद की लोक लेखा समिति ने RBI गवर्नर से पूछे ये सवाल

Sunday, Jan 08, 2017 - 11:05 AM (IST)

नई दिल्लीः नोटबंदी के मुद्दे पर सरकार को घेर रहा विपक्ष अब रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (आर.बी.आई.) के गवर्नर उर्जित पटेल पर मुखर हो गया है। लोक लेखा समिति (पीएसी) ने उनसे 28 जनवरी को अपने सामने पेश होने के लिए तलब किया है। 

कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता केवी थॉमस अध्यक्षता वाली इस समिति ने आर.बी.आई. गर्वनर से 10 सवाल पूछे हैं। इन सवालों में नोटबंदी पर आर.बी.आई. की भूमिका, अर्थव्यवस्था पर प्रभाव और रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया के रेगुलेशन में पिछले दो महीने में आए बदलाव पर से जानकारी मांगी गई है।

पीएसी ने मांग की है कि कितनी नकदी पर बैन लगा था और उसमें से कितनी बैंकिंग व्‍यवस्‍था में लौट आई है। 

इन 10 सवालों के मांगे गए जवाब
1. केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने सदन में कहा है कि नोटबंदी का फैसला आर.बी.आई. और इसके बोर्ड ने लिया। सरकार ने इस सलाह पर निर्णय लिया। क्‍या आप सहमत हैं?

2. आर.बी.आई. ने कब तय किया कि नोटबंदी भारत के हित में हैं?

3. रातों-रात 500 और 1000 रुपए के नोट बंद करने के पीछे आर.बी.आई. ने क्‍या तर्क पाए?

4. आर.बी.आई. के अनुसार भारत में सिर्फ 500 करोड़ रुपए की जाली करेंसी है। जी.डी.पी. के मुकाबले भारत में नकद 12 फीसदी था, जो कि जापान (18%) और स्विट्जरलैंड (13%) से कम है। भारत में मौजूद नकदी में उच्‍च मूल्‍य के नोटों का हिस्‍सा 86% था लेकिन चीन में 90% और अमेरिका में 81% है। ऐसी क्‍या चिंताजनक स्थिति थी कि नोटबंदी का फैसला लिया गया?

5. 8 नवंबर को होने वाली आपातकालीन बैठक के लिए आर.बी.आई. बोर्ड सदस्‍यों को कब नोटिस भेजा गया था? उनमें से कौन इस बैठक में आया? कितनी देर यह बैठक चली?

6. नोटबंदी की सिफारिश करते हुए क्‍या आर.बी.आई. ने स्पष्ट किया था कि 86 प्रतिशत नकदी अवैध होगी? कितने समय में व्यवस्था पटरी पर लौट सकेगी?

7. फैसले के बाद बैंकों से 10,000 रुपए प्रतिदिन और 20,000 रुपए प्रति सप्‍ताह निकासी की सीमा तय की गई। ए.टी.एम. से 2000 रुपए प्रतिदिन की सीमा तय की गई। किस कानून और शक्तियों के तहत लोगों पर अपनी ही नकदी निकालने की सीमा तय की गई? करेंसी नोटों की सीमा तय करने की ताकत आर.बी.आई. को किसने दी? क्‍यों न आप पर मुकदमा चलाया जाए और शक्‍त‍ियों का दुरुपयोग करने के लिए पद से हटा दिया जाए?

8. 2 महीनों से आर.बी.आई. के रेगुलेशंस में बार-बार बदलाव क्‍यों हुए? कृपया हमें उस आर.बी.आई. अधिकारी का नाम बताएं जिसे निकासी के लिए लोगों पर स्‍याही लगाने का विचार आया? शादी से जुड़ी निकासी वाली अधिसूचना किसने तैयार की थी? यह सब आर.बी.आई. ने नहीं, सरकार ने किया था तो क्‍या अब आर.बी.आई. वित्‍त मंत्रालय का एक विभाग है?

9. कितने नोट बंद किए गए और कितनी पुरानी करेंसी जमा हुई?

10. आर.बी.आई. आर.टी.आई. के तहत मांगी जाने वाली जानकारी क्‍यों नहीं दे रहा?

Advertising