दिसंबर में रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंचा UPI ट्रांजैक्शन

Tuesday, Jan 02, 2024 - 12:50 PM (IST)

बिजनेस डेस्कः भारत में डिजिटल पेमेंट दिन-ब-दिन बढ़ता जा रहा है। इसका सबसे बेहतरीन उदाहरण यूनिफाइड पेमेंट इंटरफेस (UPI) ट्रांजैक्शन्स के लेटेस्ट डेटा में भी देखने को मिलता है। ताजा आंकड़े बताते हैं कि दिसंबर महीने में 18.23 लाख करोड़ रुपए का लेनदेन किया गया है और यह नवंबर के मुकाबले 5 फीसदी बढ़ गया। दिसंबर में 12.02 अरब ट्रांजैक्शन्स (वॉल्यूम यानी संख्या के लिहाज से) किए गए और नवंबर के मुकाबले इसमें 5 फीसदी इजाफा हुआ। दिसंबर महीना UPI के लिए इसलिए भी खास रहा क्योंकि इस महीने में अब तक के सबसे ज्यादा ट्रांजैक्शन्स किए गए और UPI लेनदेन ने नई ऊंचाई को छू लिया।

UPI द्वारा लेनदेन की बात करें तो 2023 में इसका भी रिकॉर्ड कायम हुआ और 117.6 अरब ट्रांजैक्शन्स किए गए। मूल्य के लिहाज से इस साल 183 लाख करोड़ रुपए का ट्रांजैक्शन हुआ, जो साल 2022 के मुकाबले 45 फीसदी ज्यादा है। संख्या के लिहाज से भी 2022 की तुलना में 2023 में 59 फीसदी की बढ़ोतरी देखने को मिली।

नवंबर में बना था पिछला रिकॉर्ड

महीने के लिहाज से नवंबर 2023 में भी रिकॉर्ड बना था और 17.4 लाख करोड़ रुपए के 11.24 अरब लेनदेन किए गए थे। दिसंबर में UPI लेनदेन 2022 के इसी महीने की तुलना में संख्या के लिहाज से 54 फीसदी और मूल्य के लिहाज से 42 फीसदी बढ़ गया था।

नेशनल पेमेंट्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (NPCI) की तरफ से शेयर किए गए आंकड़ों के मुताबिक, अक्टूबर 2023 में संख्या के लिहाज से 11.41 अरब लेनदेन हुए और वह भी उस समय तक का एक नया निकॉर्ड था। 2023 के आधे साल तक यानी करीब 6 महीनों तक, UPI लेनदेन ने पहली बार वॉल्यूम में 10 अरब का आंकड़ा (अगस्त में) और मूल्य में 15 लाख करोड़ रुपए (जुलाई में) देखा।

IMPS में भी इजाफा

तत्काल भुगतान सेवा (IMPS) लेनदेन दिसंबर में 6 फीसदी बढ़कर 49.9 करोड़ हो गया, जबकि नवंबर में यह 47.2 करोड़ था। मूल्य के लिहाज में, दिसंबर का आंकड़ा 7 फीसदी बढ़कर 5.7 लाख करोड़ रुपए हो गया, जबकि नवंबर में 5.35 लाख करोड़ रुपए का लेनदेन हुआ था। दिसंबर 2022 के मुकाबले IMPS के वॉल्यूम में 3 फीसदी और मूल्य में 17 फीसदी की बढ़ोतरी देखने को मिली। दिसंबर में 4.87 ट्रिलियन लेनदेन किए गए और उनकी रकम 58.5 करोड़ रुपए थी।

FASTag ट्रांजैक्शन्स भी बढ़े

दिसंबर में 34.8 करोड़ FASTag लेनदेन हुए, जो नवंबर के 32.1 करोड़ से 8 फीसदी ज्यादा है। अक्टूबर में यह संख्या लगभग 32 करोड़ थी। मूल्य के लिहाज से दिसंबर में लेनदेन नवंबर के 5,303 करोड़ रुपए के मुकाबले 11 फीसदी बढ़कर 5,861 करोड़ रुपए हो गया।

एक साल पहले यानी 2022 की समान अवधि से चुलना करें तो 2022 के इसी महीने के मुकाबले दिसंबर 2023 में संख्या के लिहाज से 13 फीसदी ज्यादा और मूल्य के लिहाज से 19 प्रतिशत फीसदी ज्यादा ट्रांजैक्शन्स हुए।

AePS

दिसंबर में, आधार इनेबल्ड पेमेंट सिस्टम (AePS) पर लेनदेन नवंबर में 11 करोड़ से 14 फीसदी कम होकर 9.5 करोड़ हो गया। नवंबर में 29,640 करोड़ रुपए की तुलना में मूल्य 15 फीसदी घटकर 25,162 करोड़ रुपए रह गया। अक्टूबर में, AePS वॉल्यूम के लिहाज से 10 करोड़ और मूल्य में 25,973 करोड़ रुपए देखी गईं।

jyoti choudhary

Advertising